मंगलवार को भैसाली बस अड्डा शहर से बाहर किए जाने के कैबिनेट के फैसले के बाद दिल्ली रोड पर जाम से जूझ रहे लोगों को राहत मिलेगी। बस अड्डा भूडबराल और मोदीपुरम स्थित आरआरटीएस स्टेशनों के पास स्थानांतरित किया जाएगा। बसों के परिचालन को आरआरटीएस के संचालन से जोड़कर यात्रियों को सुगम यातायात की सुविधा मुहैया कराई जाएगी। बस अड्डे के निर्माण में यात्रियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा। व्यवसायिक गतिविधियों को भी प्रमुखता दी जाएगी।
जाम का पर्याय बन चुके भैसाली बस अड्डे को शहर से बाहर किए जाने की कवायद पिछले दो दशक से चल रही थी। यहां से करीब 1400 बसों का संचालन प्रतिदिन होता है। ऐसे में लोगों को जाम से जूझना पड़ता है। इसके मद्देनजर स्थानीय प्रशासन ने बस अड्डे और डिपों को भैसाली से स्थानांतरित करने का प्रस्ताव शासन को भेजा था।