मौके पर पहुंची पुलिस और एकत्र ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
हस्तिनापुर कस्बे की आरके कॉलोनी में सोमवार देर रात वॉशिंग मशीन ठीक करते समय करंट लगने से 50 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। हादसे के समय घर में कोई मौजूद नहीं था। पड़ोसी ने उन्हें आंगन में बेसुध पड़ा देखा तो आसपास के लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार, आरके कॉलोनी निवासी परमजीत पुत्र अजय सिंह सोमवार देर रात अपने घर में वॉशिंग मशीन ठीक कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मशीन में करंट उतर आया और वह उसकी चपेट में आ गए। हादसे के समय घर में उनके अलावा कोई मौजूद नहीं था। उनकी पत्नी भी किसी काम से बाहर गई हुई थीं।
बताया गया कि पड़ोसी ने छत पर जाकर देखा तो परमजीत घर के आंगन में वॉशिंग मशीन के पास बेसुध अवस्था में पड़े थे। इसके बाद पड़ोसी और आसपास के लोग तत्काल उनके घर पहुंचे। लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया और आनन-फानन उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हस्तिनापुर पहुंचाया। हालांकि, वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परमजीत की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर थाना प्रभारी दुष्यंत शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आसपास के लोगों ने बताया कि परमजीत मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
ये भी देखें...
मुजफ्फरनगर: पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान के आवास पर भाजपा नेता का निधन; बाथरूम में मिला शव