खरखौदा में दूसरे समुदाय के युवक अरमान ने बीए की छात्रा को प्रेमजाल में फंसा लिया और उसके साथ गलत काम किया। आहत होकर छात्रा ने जहर खा लिया, उसे मेडिकल में गंभीर हालत में भर्ती कराया गया है।
एक युवक ने खरखौदा थाना क्षेत्र की रहने वाली बीए की छात्रा को अपने जाल में फंसाकर दुष्कर्म किया। पुलिस से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे परेशान होकर छात्रा ने जहर खाकर जान देने की कोशिश की। छात्रा को उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत गंभीर बनी हुई है। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी और उसके परिजनों ने घर में घुसकर छात्रा और उसके परिजनों पर जानलेवा हमला किया।
विज्ञापन
Trending Videos
पुलिस ने इस मामले में आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मुख्य आरोपी मूल रूप से दिल्ली और वर्तमान में खरखौदा निवासी अरमान को गिरफ्तार कर लिया है। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के चलते तनाव की स्थिति बनी हुई है। मजिस्ट्रेट ने छात्रा के बयान भी दर्ज कर लिए हैं। पीड़ित परिवार से अस्पताल में अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा संगठन के पदाधिकारी मिलने पहुंचे।
आरोप है कि बीए प्रथम वर्ष की पढ़ाई करने वाली अनुसूचित जाति की 23 वर्षीय छात्रा को मोहल्ले के रहने वाले अरमान पुत्र अनीस ने चार साल पहले अपने जाल में फंसाया। बहला फुसलाकर शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाए। दो साल पहले छात्रा और आरोपी के बीच मनमुटाव के बाद अलगाव हो गया था। दोनों के बीच दो साल तक बातचीत भी बंद रही।
अब आरोपी अरमान की शादी तय हो गई थी। इसी बीच दोनों के बीच फिर से संपर्क हो गया। आरोपी ने शादी करने से इंकार कर दिया।
इससे नाराज होकर बुधवार को छात्रा ने जहर खा लिया। आनन-फानन परिजन छात्रा को लेकर मेडिकल अस्पताल पहुंचे। जहां गंभीर हालत में उपचार चल रहा है। छात्रा के परिजनों ने घटना को लेकर आरोपी पक्ष से विरोध जताया। आरोप है कि बुधवार शाम आरोपी अरमान, उसकी मामी नगीना, खातून, समीना और सानिया, मामा महबूब, मोहसिन व दानिश उनके घर में घुस आए तथा उनकी छात्रा व परिजनों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने मुख्य आरोपी अरमान को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर पड़ताल की। पुलिस अधीक्षक देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपी अरमान मूल रूप से दिल्ली का है। खरखौदा में अपने मामा महबूब के यहां रह रहा था। अरमान खरखौदा में बिजली फिटिंग का काम करता है। अरमान से पुलिस पूछताछ कर रही है। फरार चल रहे अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं दूसरी ओर अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा संगठन के अध्यक्ष सचिन सिरोही ने पुलिस से सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस कार्रवाई करती तो न आती जहर खाने की नौबत
पीड़ित परिवार ने इस मामले में पुलिस से भी शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। परिजनों का कहना है कि यदि खरखौदा पुलिस इस मामले में कार्रवाई करती तो यह नौबत न आती।