काशीराम कॉलोनी निवासी पिंकी अपनी बेटियों के साथ एसएसपी ऑफिस पहुंची थी। उसने आरोप लगाया कि काजीपुर निवासी अमित भड़ाना उसके मकान पर कब्जा करने का प्रयास कर रहा है। महिला के मुताबिक 13 अक्टूबर को आरोपी अपने दो साथियों और एक विद्युत लाइनमैन के साथ घर आया था। उस दौरान घर में मारपीट की गई और स्कूटी व बिजली मीटर भी ले जाया गया।
यह भी पढ़ें: Meerut News Today Live: मेरठ और आसपास की ताजा और अहम खबरें, पढ़ें 4 नवम्बर को आपके शहर में क्या हुआ
महिला का कहना है कि वह पिछले तीन वर्षों से इस मामले में थाने और अधिकारियों के चक्कर लगा रही है, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। सोमवार को जब उसने आत्मदाह की चेतावनी दी, तो मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने उसे और उसकी बेटियों को समझाकर शांत कराया। हंगामे के दौरान सड़क पर कुछ देर जाम भी लगा।
पुलिस ने पीड़ित परिवार को सिविल लाइन थाने ले जाकर उनसे बातचीत की और बाद में घर भेज दिया।
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने कहा कि महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच कराई जाएगी और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।