एनसीआर में एक बार फिर प्रदूषण का स्तर बढ़ने लगा है। हवा की रफ्तार कम होने के कारण प्रदूषक कण वातावरण में ठहर गए हैं, जिससे वायु गुणवत्ता सूचकांक करीब 250 के आसपास पहुंच गया है। विशेषज्ञों के अनुसार हवा की धीमी गति और साफ आसमान में तेज धूप निकलने से दिन के समय हल्की गर्मी महसूस हो रही है, लेकिन प्रदूषण का स्तर लगातार खराब श्रेणी की ओर बढ़ रहा है।
भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान संस्थान मोदीपुरम के मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर एम. शमीम का कहना है कि अगले दो-तीन दिन तक हालात ऐसे ही बने रह सकते हैं। दिन में तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक रहेगा, जिससे सुबह गर्म कपड़े पहनकर निकले लोगों को गर्माहट का अहसास होगा।
वहीं सुबह और रात के समय ठंड का असर बरकरार है, जिसके चलते लोगों को हल्की सर्दी महसूस हो रही है। सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनने, मास्क का प्रयोग करने और अधिक से अधिक पानी पीने की सलाह डॉक्टर दे रहे हैं। यदि हवा की गति में सुधार नहीं हुआ तो प्रदूषण का स्तर और बढ़ सकता है।