पिछले एक सप्ताह से निकल रही तेज धूप के चलते मौसम गर्म बना हुआ है। अभी दिन में तेज धूप से फिलहाल राहत नहीं मिल रही है। हवा की गति शांत होने के चलते दिन का तापमान भी 35 डिग्री के आसपास बना हुआ है।
सितंबर धीरे-धीरे खत्म होता जा रहा है लेकिन गर्मी अभी भी ऐसे ही बनी हुई है। इन दिनों में गर्मी का लगातार बना रहना सही नहीं है। दिन का तापमान फिलहाल सामान्य से ऊपर चल रहा है, जबकि रात का तापमान भी 25 डिग्री इसके आसपास बना हुआ है।
सोमवार को सुबह से ही मौसम गर्म दिखाई दिया। दिन में तेज धूप और उमस के चलते शहरवासी हलकान रहे। दो-तीन दिन तक मौसम ऐसे ही गर्म बना रहेगा। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर यूपी शाही का कहना है कि मौसम में अभी तीन-चार दिन बदलाव नहीं होगा। तापमान 35 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। अगले सप्ताह से रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। इसके अलावा प्रदूषण का स्तर भी धीरे-धीरे बढ़ता जा रहा है।