मेरठ में बुधवार को सुबह से ही जमकर बारिश हुई। शहर में जलभराव के हालात हो गए। डीएम ने कई जगह का निरीक्षण किया। वहीं नगर निगम कार्यालय में निरीक्षण के लिए पहुंचे कमिश्नर ऋषिकेश भास्कर यशोद को पानी भरा मिला, तो उन्हें जूते उताकर हाथ में लेने पड़े।
'निगम की बेशर्मी देखिएगा, शिवरात्रि पर शहर में जलभराव है और अफसर बंगले में आराम से सो रहे हैं। कांवड़ियों को गंदे पानी से होकर बुढ़ाना गेट मंदिर तक पहुंचना पड़ा, जिससे सरकार की भी बदनामी हो रही है'। यह बात भाजपा पार्षद कुलदीप और संदीप रेवड़ी ने फोन करके राज्यसभा सदस्य डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी से कही।
विज्ञापन
डॉ. वाजपेयी ने डीएम डॉ. वीके सिंह को फोन कर जलभराव की स्थिति से अवगत कराया। डीएम ने खुद बुढ़ाना गेट पर बारिश में दो फीट पानी में चलकर नगर निगम की अव्यवस्था को देखा। लोगों का दर्द सुना और निगम से सुपर सकर मशीन मंगवाकर बच्चा पार्क और इंदिरा चौक का नाला साफ करवाना पड़ा, तब जाकर ही लोगों को राहत मिली।
जलभराव वाले इलाकों में खुद उतरकर डीएम ने अफसरों को दिशा निर्देश दिए।
- फोटो : अमर उजाला
बुधवार सुबह से मूसलाधार बारिश के कारण बुढ़ाना गेट, ईव्ज चौराहा, इंदिरा चौक, बच्चा पार्क, खैरनगर सहित महानगर के 70 फीसदी इलाके में जलभराव हो गया। मुख्य बाजार के साथ कॉलोनियों में दो-दो और तीन-तीन फीट पानी भर गया। शिवरात्रि पर बुढ़ाना गेट स्थित मंदिर पर कांवड़ियों को जलाभिषेक करने के लिए दो-दो फीट पानी से गुजरना पड़ रहा था।
करीब दो लाख आबादी वाले इलाके का पानी बच्चा पार्क और इंदिरा चौक के पास ही नाले में जाता है। दोनों नाले चोक हो गए, जिसके चलते गंदा पानी घरों और मुख्य मार्ग पर आ गया। गंदे पानी में कांवड़ियों को मंदिर में जाते देखकर लोगों का गुस्सा फूट गया।
स्थानीय वार्ड-47 के भाजपा पार्षद कुलदीप वाल्मीकि व संदीप रेवड़ी ने नगर निगम के अधिकारियों को अवगत कराया। सोशल मीडिया पर जलभराव की वीडियो वायरल होने लगी। सुनवाई नहीं हुई तो पार्षद कुलदीप ने राज्यसभा सदस्य डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी को जानकारी दे दी। डॉ. वाजपेयी ने गंदे पानी से गुजरकर मंदिर तक पहुंचने की शिकायत डीएम से की।
डीएम अमले के साथ पहुंचे
डीएम वीके सिंह ने नगर आयुक्त सौरभ गंगवार, एडीएम सिटी बृजेश सिंह, अपर नगर आयुक्त और निगम की टीम को लेकर बुढ़ाना गेट, ईव्ज चौराहा, इंदिरा चौक, बच्चा पार्क का निरीक्षण किया। सड़क पर दो फीट भरे पानी में डीएम, नगर आयुक्त सहित अधिकारियों ने चलकर हालात को देखा। भाजपा के दोनों पार्षदों ने डीएम से निगम अफसरों की शिकायत की।
बताया कि बच्चा पार्क और इंदिरा चोक पर नाले बंद हैं, जिसके चलते जलनिकासी नहीं हो रही है। कई बार शिकायत की, बावजूद निगम ने काम नहीं कराया। स्थानीय लोगों ने भी डीएम से निगम की कार्यशैली पर प्रश्नचिह्न लगाया। दोनों पार्षदों के साथ डीएम सहित अन्य अधिकारी बच्चा पार्क और इंदिरा चौक पर नाले का मुआयना किया। पानी की निकासी नहीं होती मिली।
डीएम के निर्देश पर नगर आयुक्त ने सुपर सकर मशीन को बुलाया और बच्चा पार्क का नाला साफ कराया। काफी गंदगी निकलते ही पानी की निकासी शुरू हो गई। इंदिरा चौक के पास भी मशीन से सफाई कराई गई, वहां भी पानी की निकासी धीरे-धीरे होने लगी।
दो घंटे तक बारिश में कराया गया काम
डीएम, नगर आयुक्त, पार्षद और अन्य अधिकारीगण दो-दो फीट पानी में निरीक्षण करने की फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों ने वायरल की। कमेंट भी किए और जलभराव को निगम अफसरों की लापरवाही का नतीजा बताया।
ये बोले डीएम
जलभराव होने की शिकायत पर बुढ़ाना गेट, ईव्ज चौराहा, इंदिरा चौक, बच्चा पार्क सहित कई जगहों का निरीक्षण किया गया। बच्चा पार्क और इंदिरा चौक के पास नालों की सफाई कराई। तब जाकर पानी की निकासी हुई। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त और निगम की टीम मौजूद थी। उनको निर्देश दिए हैं कि जलभराव की समस्या पर फोकस रखें। नालों की सफाई करेंगे तो सड़कों पर जलभराव नहीं होगा। - डॉ. वीके सिंह, डीएम