मेरठ के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के हाईवे स्थित एक गांव निवासी महिला ने थाने में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई है। महिला के अनुसार उसकी नाबालिग बेटी 11 जनवरी की सुबह अपनी ताऊ की बेटी के साथ बाजार जाने के लिए घर से निकली थी।
परिजनों की बढ़ी चिंता
देर शाम तक जब दोनों बहनें घर वापस नहीं लौटीं तो परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने आसपास के इलाकों में तलाश की और रिश्तेदारी में भी पूछताछ की, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं लग सका।
पुलिस की दो टीमें तलाश में जुटीं
सोमवार को परिजनों ने कंकरखेड़ा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि दोनों बहनों की तलाश के लिए पुलिस की दो टीम गठित की गई हैं।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस गांव से लेकर बाजार और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही दोनों बहनों का पता लगा लिया जाएगा।