मेरठ के कंकरखेड़ा में गुरुवार सुबह हाईवे पर रिवेरा मंडप के सामने ट्रैक्टर ट्राॅली व सहारनपुर विकास भवन की गाड़ी की भिड़ंत हो गई। जिसमें ट्रैक्टर ट्राॅली सवार पांच युवक चोट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। एक युवक के ऊपर ट्रैक्टर का अगला हिस्सा पलट गया। हादसे के बाद हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। कांवड़ियों की भीड़ भी मौके पर इकट्ठा हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की।
टीपी नगर थाना क्षेत्र निवासी अमन, स्पर्श, उज्जवल, ध्रुव व एक अन्य युवक ट्रैक्टर ट्राली से किसी काम से मोदीपुरम की तरफ जा रहे थे। इसी बीच कंकरखेड़ा में रिवेरा मंडप के सामने मुजफ्फरनगर की तरफ से गलत दिशा से आ रही सहारनपुर विकास भवन की टाटा सूमो गाड़ी की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई।
हादसे में सरकारी वाहन का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दौरान ट्रैक्टर ट्रॉली सवार पांचो युवक चोट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। वही सरकारी गाड़ी में चालक अरुण कुमार व पीआरडी जवान विक्रम गाड़ी में मौजूद थे।
हादसे में घायल सभी लोगों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां घायलों का प्राथमिक उपचार चल रहा है। मौके पर कांवड़ियों की सैकड़ो की संख्या में भीड़ इकट्ठा हो गई।
सूचना पर दो थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने ट्रैक्टर के नीचे दबे युवक उज्जवल को बाहर निकाला। वही जाम खुलवाकर लोगों को आगे के लिए रवाना किया। थाना प्रभारी योगेश शर्मा कहना है कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।