प्रतिबंधित क्षेत्र में ड्रोन उड़ान से बढ़ी चिंता
छावनी क्षेत्र को अत्यंत संवेदनशील और प्रतिबंधित क्षेत्र माना जाता है। यहां से तीन किलोमीटर के दायरे में बिना अनुमति ड्रोन उड़ाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। प्रारंभिक जानकारी में तीन ड्रोन दिखाई देने की बात सामने आई है, हालांकि सुरक्षा एजेंसियां यह भी जांच कर रही हैं कि इनकी संख्या अधिक तो नहीं थी। अधिकारियों को आशंका है कि ड्रोन में रात्रि दृष्टि यंत्र लगे हो सकते हैं। इसी संभावना को देखते हुए पूरे इलाके में विशेष निगरानी रखी गई और आसपास के मार्गों पर सघन जांच अभियान चलाया गया।
रातभर चली चेकिंग, लोगों और वाहनों की हुई जांच
सुरक्षा एजेंसियों ने उस क्षेत्र के आसपास विशेष अभियान चलाया जहां ड्रोन देखे जाने की सूचना मिली थी। वहां से गुजरने वाले लोगों, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच की गई। रविवार को भी पुलिस और खुफिया विभाग ड्रोन से जुड़ी जानकारी जुटाने में लगे रहे। जिले में ड्रोन संचालित करने वाले व्यक्तियों और संस्थानों से भी संपर्क किया गया, लेकिन अब तक ड्रोन उड़ाने वालों की पहचान नहीं हो सकी है।