गांव रोहटा में पांच की लाख की रंगदारी न देने पर एक किराना व्यापारी और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। बदमाशों ने बृहस्पतिवार को व्यापारी के घर पर कई राउंड फायरिंग कर दहशत फैला दी। लगातार तीन दिन तक रोहटा थाना पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न करने के कारण व्यापारी अपने प्रतिष्ठान और घर पर ताला लगाकर गांव छोड़कर परिवार सहित कहीं और चला गया। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, रोहटा के मुख्य बाजार में स्थित मैन रोड पर रहने वाले व्यापारी योगेंद्र की किराना की दुकान है। योगेंद्र क्षेत्र के प्रमुख व्यापारियों में से एक है। बताया जा रहा है कि पिछले तीन दिन से गांव के ही कुछ बदमाश लगातार उनकी दुकान पर पहुंचकर हथियारों के बल पर पांच लाख की रंगदारी की मांग कर रहे थे। रंगदारी न देने पर उन्हें और उनके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी जा रही थी।
पीड़ित व्यापारी ने इस संबंध में पुलिस से शिकायत की, आरोप है कि पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। पुलिस की निष्क्रियता से बदमाशों के हौंसले बुलंद हो गए। बदमाशों के रंगदारी न देने पर फायरिंग करने और व्यापारी के परिवार समेत गांव छोड़कर जाने से व्यापारियों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि अगर पुलिस ने जल्द ठोस कार्रवाई नहीं की, तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
इस संबंध में एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस को इस मामले में त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। घटना की जांच सीओ सरधना संजय कुमार जायसवाल को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट में रोहटा पुलिस की लापरवाही रही तो कार्रवाई की जाएगी।