वेस्ट एंड रोड पर बंगला नंबर 210 बी में बिल्डर राजीव सिंहल की कोठी में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सदर बाजार पुलिस ने एसओजी के साथ सबील निवासी लिसाड़ी गेट को गिरफ्तार किया है। वारदात की साजिश कोठी में पुताई व पीओपी का काम कर चुके सुमित ने रची थी। सबील ने कोठी में घुसकर वारदात की, उनके साथी सोहेल ने रेकी की और शुएब बाइक पर सबील को लेकर मौके पहुंचा और फरार हो गया। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने करीब पचास लाख रुपये के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस इस मामले में आरोपी पेंटर सुमित, शुएब और सोहेल को तलाश रही है।
विज्ञापन
पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि राजीव सिंहल, उनकी पत्नी डिंपल सिंहल मलियाना निवासी चालक सोनू के साथ शुक्रवार को वृंदावन दर्शन करने गए थे। घर पर बेटे पार्थ सिंहल और छह वर्षीय छोटे बेटे को छोड़कर गए थे। शाम करीब चार बजे पार्थ सिंहल अपने छोटे भाई को कोठी के सामने एक परिचित के घर में छोड़कर साइट देखने के लिए चले गए थे। इस बीच घर पर काम करने वाली घरेलू सहायिका आई और उसने कोठी में देखा कि सामान बिखरा हुआ था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। बिल्डर ने 12 लाख नकदी और आभूषण चोरी का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोपी बाइक सवार सीसीटीवी में कैद हुए थे।
टाइमर लगाकर 34 मिनट में की वारदात
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने बदमाशों की पहचान सबील निवासी 100 फुटा रोड मदीना कालोनी लिसाड़ी गेट, शुएब उर्फ सुहैल निवासी 125 मदीना कालोनी के रूप में हुई थी। पुलिस ने दोनों के घर पर दबिश दी। बृहस्पतिवार को पुलिस ने रेलवे क्रासिंग से सौ मीटर रोहा रोड से सबील को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर चोरी किए आभूषण बरामद किए। आरोपियों ने घरेलू सहायिका के आने से पहले वारदात करने के लिए टाइमर लगाकर 34 मिनट में वारदात की थी।
एक साल पहले पेंटर ने बंगले में किया काम
एसपी सिटी ने बताया कि सबील से पूछताछ में सामने आया कि उसकी दोस्ती ट्यूबवेल तिराहा ब्रह्मपुरी निवासी सोहेल से थी। सोहेल की दोस्ती कंकरखेड़ा के सुमित से पहले से थी। सुमित एक साल पहले बिल्डर के घर पर पुताई का काम कर चुका था। हाल में भी बिल्डर के बराबर में स्थित एक मकान में पुताई कर रहा था। सबील ने चोरी के लिए बाइक चलाने के लिए शुएब निवासी मदीना कालोनी को तैयार किया।
पैदल पहुंचकर सोहेल ने की रेकी
चारों ने तय किया कि चोरी की रकम आपस में बराबर बांटेंगे। व्हाट्सएप कॉल कर सुमित ने सोहेल को पैदल ही कालोनी में जाने के लिए कहा। सोहेल ने बिल्डर के घर की रेकी की। इसके बाद सबील को मामले की जानकारी दी। बिल्डर का बेटा पार्थ सिंहल मुख्य गेट पर ताला लगाकर घर से निकला। तभी शुएब के साथ बाइक पर सवार होकर सबील पहुंच गया। वारदात के बाद एक लाख सोहेल को दिए। आभूषण से भरा बैग सबील को सौंप दिया था।
चोरी का माल रखने के लिए किराए पर लिया था मकान
सुमित ने एक महीने चोरी की योजना बनाई। चोरी का सामान रखने के लिए सबील ने लिसाड़ीगेट के शौकीन गार्डन में अनस का मकान किराए पर लिया। चोरी के आभूषण भी सबील ने इसी घर में रख दिए। पूछताछ के दौरान पहले तो सबील पुलिस को गुमराह करता रहा। मकान का ताला तोड़कर पुलिस अंदर घुसी। वहां पर आभूषण से भरा बैग रखा मिला। बिल्डर ने बैग व आभूषण की पहचान कर ली है।