परतापुर थाने के पीछे स्थित रेलवे कॉलोनी में मुकेश जोशी (30) रहता था। मुकेश कार चलाकर जीवन यापन करता था। किडनी और लिवर की बीमारी से परेशान था। लंबे समय से उसका इलाज चल रहा था। काफी पैसा खर्च हो गया था, लेकिन बीमारी से आराम नहीं मिल रहा था।
शुक्रवार दोपहर मुकेश ने बीमारी और दर्द से परेशान होकर अपनी गर्दन में चाकू घोंप लिया। काफी देर तक वह फर्श पर पड़ा तड़पता रहा। कुछ देर बाद परिवार के लोगों ने उसे आवाज लगाई, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया। कमरे का दरवाजा खोलकर देखा तो वह मुकेश बेसुध पड़ा था और खून फैला हुआ था।
परिवार के लोग तुरंत उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रोते हुए परिजनों ने बताया कि मुकेश बीमारी से त्रस्त था।