मेरठ में दुल्हैंडी पर शराब पीकर शोहदों ने जमकर उत्पात मचाया। टीपीनगर, सदर बाजार, ब्रह्मपुरी, नौचंदी और मेडिकल में छेड़छाड़ की कई घटनाएं हुईं। आरोपियों ने विरोध करने पर युवतियों के परिजनों के साथ मारपीट तक की। सिर्फ दो वारदात में मुकदमे लिखे गए, जबकि पांच वारदात में पुलिस पहुंची, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई।
केस.1
ब्रह्मपुरी क्षेत्र की एक किशोरी सोमवार दोपहर होली खेलने के बाद मंदिर से पूजा कर घर आ रही थी। मंदिर के बाहर ही दो युवकों ने उसे रोक लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने किशोरी से अभद्रता कर हाथापाई कर दी। जिस पर लोग जमा हो गए। युवती ने फोन कर भाई को बुलाया तो आरोपी ने उसे जातिसूचक शब्द कहते मारपीट कर दी। इसके बाद पीड़ित परिवार ब्रह्मपुरी थाने पहुंचा।
पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने से आनाकानी की तो उन्होंने हंगामा कर दिया। इसका पता लगते ही शोषित क्रांतिदल अध्यक्ष रविकांत कार्यकर्ता के साथ थाने पहुंचे। उन्होंने सीओ ब्रह्मपुरी से बात की। सीओ ब्रह्मपुरी अमित राय ने बताया कि किशोरी के पिता की तहरीर पर आरोपी सचिन समेत दो युवकों पर छेड़छाड़, एससी-एसटी, मारपीट का केस दर्ज कर लिया है।
केस.2
दुल्हैंडी पर ब्रह्मपुरी थानाक्षेत्र निवासी युवती घंटाघर स्थित अपनी रिश्तेदारी से होली खेलकर चाचा के साथ बाइक पर सवार होकर घर आ रही थी। भूमिया पुल पर बाइक सवार दो युवकों ने युवती से छेड़छाड़ कर दी। इसका चाचा ने विरोध किया तो आरोपियों ने उनसे मारपीट करनी शुरू कर दी। युवती के शोर मचाने पर थोड़ी दूर खड़े पुलिसकर्मियों ने आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने नाम सचिन व समीर निवासी ब्रह्मपुरी बताए। ब्रह्मपुरी पुलिस का कहना कि छेड़छाड़ का कोई मामला नहीं था। बाइक की साइड लगने को लेकर मामूली कहासुनी हुई थी। दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।
केस. 3
कंकरखेड़ा के पठानपुरा निवासी युवती अपने पिता के साथ कंकरखेड़ा थाने पहुंची और तहरीर देते हुए बताया कि वह गांव में उपले लेने जा रही थी। रास्ते में प्रिंस, गौरव, कपिल, रोहित खड़े थे। आरोप है कि युवकों ने उससे छेड़छाड़ कर दी। विरोध किया तो आरोपियों ने मारपीट की। जब युवती के पिता बीच-बचाव करने के लिए आए तो युवकों ने पिता पर धारदार हथियार व लाठी-डंडे से हमला कर दिया। इसमें दोनों पिता-पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद युवती की भाभी बीच बचाव में आई तो उससे अश्लील हरकत की। पीड़ित ने थाने पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने युवती का मेडिकल परीक्षण कराया है।
केस.4
मेडिकल के शेरगढ़ी में एक युवक ने युवती को गुलाल लगाने के बहाने छेड़छाड़ कर दी। इसकी जानकारी पर युवती के भाइयों ने आरोपी की पिटाई कर दी। इसके बाद आरोपी के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। आरोपी और उसके परिजनों ने युवती के दोनों भाइयों को जमकर पीटा। यह मामला मेडिकल थाने में पहुंचा, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। पीड़ित दोनों भाइयों ने एक निजी अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया।
केस. 5
सिविल लाइन थानाक्षेत्र के पांडवनगर में होली खेलकर युवती स्कूटी से घर लौट रही थी। घर से करीब 500 मीटर पहले तीन युवकों ने उससे छेड़छाड़ कर दी। युवती ने विरोध किया तो मनचले युवती को खींचने लगे। शोर सुनकर युवती के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दो युवकों का पकड़ा और फिर छोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।
केस . 6
इंदिरा चौक पर अधिवक्ता की बेटी से दो युवकों ने मंगलवार को छेड़छाड़ कर दी। इसकी शिकायत लेकर अधिवक्ता थाने में पहुंचे। अधिवक्ता ने बताया कि दोनों आरोपी कई दिन से उसकी बेटी के साथ छेड़छाड़ कर रहे हैं। कई बार विरोध किया तो मनचले अगवा करने की धमकी देते हैं। इसे चलते बेटी का घर से निकलना दुश्वार है।
मंगलवार को आरोपियों ने फिर छेड़छाड़ कर दी, विरोध करने पर धमकी भी दी। घटनास्थल सिविल लाइन थानाक्षेत्र का होने के चलते कोतवाली पुलिस ने अधिवक्ता को सिविल लाइन भेज दिया है। अधिवक्ता ने दोनों युवकों के खिलाफ तहरीर दी है। सीओ सिविल लाइन देवेश सिंह का कहना है कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
सख्त कार्रवाई होगी
दुल्हैंडी पर पुलिस का कड़ा पहरा रहा है। जहां मारपीट और छेड़छाड़ की घटनाएं हुई है, वहां कार्रवाई की गई है। छेड़छाड़ के मामले में पुलिस की यदि कहीं लापरवाही हुई है तो उसकी जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। छेड़छाड़ के आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। -विनीत भटनागर, एसपी सिटी