मेरठ-गढ़ मार्ग पर यह दर्दनाक हादसा हुआ। कैंटर के पिछले पहियों में फंसकर 50 मीटर तक किशोर घिसटता गया। अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने कैंटर चालक को पकड़ लिया, कार चालक फरार हो गया।
किठौर कस्बे में मेरठ-गढ़ मार्ग पर रविवार को कार सवारों की लापरवाही से एक किशोर की जान चली गई। कार सवारों ने अचानक गेट खोल दिया, जिससे साइकिल सवार ललियाना निवासी अब्दुल्ला (13) की कैंटर की चपेट में आकर कुचले जाने से मौत हो गई। कैंटर उसे करीब 50 मीटर तक घसीटता ले गया। लोगों ने कैंटर चालक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस कैंटर को कब्जे में लेकर थाने ले आई। परिजनों ने कानूनी कार्रवाई करने से इंकार कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर परिजनों को सौंप दिया।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक, ललियाना गांव निवासी मुजीब वर्तमान में कस्बे की नई बस्ती में परिवार के साथ रह रहा है। कस्बे में ही उसकी किराना की दुकान है। मुजीब के बेटे उमेर, अमन, अब्दुल्ला और बेटी नूरी है। रविवार सुबह करीब नौ बजे अब्दुल्ला बाजार से साइकिल लेकर घर जा रहा था।
जब वह मेरठ-गढ़ रोड पर फव्वारा चौक के सामने पहुंचा तो सड़क पर कार खड़ी थी, अचानक उसमें सवार लोगों ने कार का दरवाजा खोल दिया। अब्दुल्ला कार के दरवाजे से टकराकर साइकिल समेत सड़क की ओर गिर गया। इसी दौरान गढ़मुक्तेश्वर की ओर से आ रहे मारबल पत्थरों से भरे कैंटर के पिछले पहियों की चपेट में वह आ गया।
प्रत्यक्षदर्शियो के अनुसार अब्दुल्ला करीब 50 मीटर तक कैंटर के टायर के नीचे घिसटता चला गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गया। लोगों के शोर मचाने पर चालक ने कैंटर रोका। अब्दुल्ला को टायरों के नीचे से निकाला गया। ग्रामीणों की मदद से उसे इलाज के लिए मेरठ निजी अस्पताल भेजा गया। जहां उपचार के दौरान अब्दुल्ला की मौत हो गई।
लोगों ने कैंटर चालक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। जबकि हादसे के दौरान ही कार चालक वहां से कार लेकर भाग गए। किशोर की मौत की सूचना पर पुलिस ने मौके पर जाकर जानकारी ली। परिजनों ने कानूनी कार्रवाई से इंकार कर दिया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजन शव को पैतृक गांव ललियाना ले गए।
सीओ प्रमोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने कैंटर चालक आलोक निवासी गांव सोना किला परीक्षितगढ़ को हिरासत में ले लिया है। कैंटर को भी कब्जे में ले लिया है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से अचानक कार की खिड़की खोलने वालों को भी तलाश किया जा रहा है। हालांकि परिजनों ने कानूनी कार्रवाई से इंकार कर दिया है। फिर भी पुलिस अपने स्तर से वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करेगी।