मुंडाली थाना क्षेत्र के गांव जिसौरा से दस दिनों से लापता हिस्ट्रीशीटर सरताज अली (46) का शव हापुड़ जनपद के सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव शरीफपुर के जंगल में रजबहे में मिला है। सरताज के भाई वकील ने बुधवार शाम को मुंडाली थाने पर गांव के ही आठ लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया। आरोप लगाया कि घर से बुलाकर आरोपियों ने उसकी हत्या करके शव रजबहे में फेंक दिया।
वकील ने बताया कि मुंडाली थाना क्षेत्र के गांव जिसौरा निवासी सरताज पांच अक्तूबर की शाम कुछ देर में लौटने की बात कहकर घर से गया था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर पत्नी फरजाना ने सरताज को फोन किया तो थोड़ी देर में पहुंचने की बात कही थी। मगर वह लौट कर नहीं आया।
लापता होने के तीन दिन बाद परिजनों ने मुंडाली थाने पर तहरीर दी। मगर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज नहीं की। परिजनों ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र दिया। तब पुलिस ने उसकी गुमशुदगी दर्ज की थी। मंगलवार को ही परिजन डीआईजी कलानिधि नैथानी से भी मिले थे। मंगलवार को ही सरताज का शव हापुड़ जनपद में रजबहे में मिला।
बुधवार सुबह परिजनों ने हापुड़ जाकर उसकी पहचान की। देर शाम शव को गांव लाकर दफनाया गया। इसके बाद मृतक के भाई वकील ने मुंडाली थाने पर हत्या की नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई।
55 से अधिक केस थे दर्ज
थानाध्यक्ष के अनुसार, सरताज मुंडाली थाने का हिस्ट्रीशीटर बदमाश था। उस पर विभिन्न अपराधों में 55 से ज्यादा अधिक मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। वर्तमान में वह गांव में रहकर खेतीबाड़ी करता था और प्रॉपर्टी डीलर का काम भी करता था। उसके छह बच्चे हैं। इनमें चार बेटे और दो बेटियां हैं। भाइयों में सरताज पांचवें नंबर का था।
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की गई है। हापुड़ जिले से पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच उपरांत अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।