ब्रेन ट्यूमर पीड़ित किशोरी को ई-रिक्शा चालक शाप्रिक्स मॉल के सामने फेंककर चला गया। किशोरी का पर्स व मोबाइल भी चोरी हो गया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने किशोरी को अस्पताल में भर्ती कराया और थाना लोहियानगर पर अज्ञात ई-रिक्शा चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस आरोपी चालक की तलाश कर रही है।
लोहियानगर की शालीमार गार्डन कॉलोनी निवासी युवक ने बताया कि उसकी बहन ब्रेन ट्यूमर बीमारी से पीड़ित है। वह लोहियानगर में एक डॉक्टर से दवाई लेने के बाद वापस आ रही थी। हापुड़ रोड के ताज पैलेस पर अचानक वह ई-रिक्शा में ही बेहोश हो गई। चालक किशोरी को लेकर दिल्ली रोड शाप्रिक्स मॉल पहुंचा तथा उसे वहां उतारकर फरार हो गया। किशोरी के पर्स में 800 रुपये व मोबाइल व अन्य सामान था। वह भी आरोपी ले गया। होश में आने पर किशोरी ने एक युवक से फोन लेकर परिजनों को सूचना दी।
परिजन आए और उसे शाप्रिक्स मॉल से घर ले गए। पुलिस हापुड़ रोड व शाप्रिक्स मॉल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से आरोपी की तलाश कर रही है। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।