- सभी टीमों की ओर से फाइनल किए जा चुके 15-15 खिलाड़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन और आईआईएमटी विवि की ओर से मेरठ टी-20 लीग की नीलामी के बाद अब मैचों का शेड्यूल भी जारी कर दिया गया है। लीग का आगाज 15 मार्च से होने जा रहा है। उद्घाटन मैच शाम छह बजे से क्रिक गिरी चैंप्स और शुभम स्मैशर्स के बीच खेला जाएगा। 30 और 31 मार्च को क्वालिफायर और एलिमिनेटर मैच खेले जाएंगे। इसके बाद एक अप्रैल को लीग का फाइनल मुकाबला होगा। लीग में भाग ले रही आठ टीमों के बीच 32 मुकाबले खेले जाएंगे। इसमें 28 लीग मैच, दो क्वालिफायर मैच, एक एलिमिनेटर मैच और एक फाइनल मैच होगा।
मेरठ टी-20 लीग के चेयरमैन डॉ. मयंक अग्रवाल ने बताया कि लीग में अनेक खिलाड़ी ऐसे हैं जो आईपीएल स्तर पर खेलकर शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं। सभी आठ फ्रेंचाइजी टीमों को पांच अतिरिक्त खिलाड़ियों को टीम में शामिल करने की अनुमति है। इसमें वह नामी खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल करने का प्रयास कर रहे हैं। इससे मुकाबले दर्शकों को रोमांचित करेेंगे।
मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के डायरेक्टर संजय रस्तोगी ने बताया कि लीग की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। लीग के सचिव सुरेंद्र चौहान ने कहा कि इस टी-20 लीग का मुख्य उद्देश्य स्थानीय स्तर पर क्रिकेट प्रतिभाओं को बड़ा मंच देना है, ताकि युवा खिलाड़ी अपनी क्षमता दिखा सकें और भविष्य में बड़े स्तर पर खेलने का अवसर प्राप्त कर सकें। क्रिकेट एकेडमी के डायरेक्टर उदित गौड के बताया कि टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। लीग के मैचों को देखने के लिए बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमियों के पहुंचने की उम्मीद है।
लीग में खेले जाएंगे 32 मैच
मेरठ टी-20 लीग के मीडिया प्रभारी सुनील शर्मा ने बताया कि लीग में कुल 32 मुकाबले खेले जाएंगे। इन मैचों को आईआईएमटी क्रिकेट मैदान पर लगी कृत्रिम लाइटों की दूधिया रोशनी में कराया जाएगा। वहीं, 14 मुकाबले दोपहर दो बजे से खेले जाएंगे। फाइनल मैच भी शाम छह बजे से शुरू होगा। फ्रेंचाइजी टीमें 15 खिलाड़ियों का दल तैयार करने के बाद अब पांच अतिरिक्त खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल कर सकती हैं। इनमें तीन खिलाड़ी मेरठ जिले से और दो खिलाड़ी उत्तर प्रदेश के अन्य क्षेत्रों से हो सकते हैं।