यह सीएम, मंत्रियों का काम नहीं
नगर विकास मंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी ने कहा था कि स्वच्छता देश की आजादी से अधिक जरूरी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद दो घंटे स्वच्छता के लिए श्रमदान किया। सीएम या मंत्रियों का काम सफाई करना नहीं है। लेकिन इसलिए किया कि आम जनता भी झिझक छोड़कर सफाई में जुटे।
15 दिसंबर तक वार्ड प्रतियोगिता
मंत्री ने कहा कि प्रदेश में 15 नवंबर से 15 दिसंबर तक स्वच्छ वार्ड प्रतियोगिता आयोजित की जा रही हैं। जिसके दो हजार नंबर होंगे। सबसे अच्छे वार्ड के पार्षद, स्वच्छता प्रोत्साहन समिति आदि को लखनऊ में 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल जी की जयंती पर सम्मानित किया जाएगा। चार जनवरी 2019 से स्वच्छता सर्वेक्षण 2019 शुरू हो रहा है, जो 31 जनवरी 2019 तक चलेगा। उन्होंने सभी को स्वच्छता की शपथ दिलायी। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल और सोमेंद्र तोमर ने भी स्वच्छता अभियान देश में प्रारंभ करने के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया।
इनको किया सम्मानित
स्वच्छता अभियान में सहयोग देने के लिए धर्म गुरू ज्ञानी हरमीत सिंह, फादर प्रवीण कुमार जोशी, फादर डैनियल मसीह, फादर बी. दास, नायब शहर काजी जैनुर राशिद्दीन, पं. प्रभाकर प्रसाद, संस्था पहल एक प्रयास, आईआईएमटी, एमआईईटी व ब्रांड एंबेसडर शना खान आदि को सम्मानित किया गया। वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शहर के दस गरीब परिवारों को आवास की चाबी सौंपी। इस दौरान नगर निगम के 14वें वित्त आयोग, अवस्थापना निधि के 14.79 करोड़ रुपये की दस योजनाओं का लोकार्पण किया।
महापौर ने मांगा अतिरिक्त बजट
महापौर सुनीता वर्मा ने उप्र सरकार से शहर के विकास के लिए अतिरिक्त बजट की मांग की। कहा कि महिला कुश्ती खिलाड़ियों के लिए एकेडमी के लिए सरकारी जगह दी जाए ताकि अर्जुन अवार्डी अलका तोमर की तरह मेरठ की अन्य बालिकाएं भी देश का नाम रोशन कर सकें। साथ ही महानगर की जनता से आह्वान किया कि वह शहर को स्वच्छ बनाने में जुट जाएं। शहर स्वच्छ होगा तो मनुष्य स्वस्थ होगा।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/