सिविल कोर्ट स्टाफ केंद्रीकृत भर्ती (ग्रुप डी) की परीक्षा में नकल करने के मामले में अभ्यर्थी को सॉल्वर गैंग से जुड़े एक व्यक्ति ने व्हाट्स एप पर आंसर शीट भेजी थी। एसटीएफ के अधिकारियों की मानें तो आरोपी अभ्यर्थी विभोर से पूछताछ में सामने आया कि वाजिदपुर बागपत निवासी जो दिल्ली एयर पोर्ट पर तैनात कस्टम अधिकारी नीटू सॉल्वर गैंग चला रहा है, जिसने सात लाख रुपये में पेपर आउट कराकर आंसर शीट भेजने का ठेका लिया था। सीओ एसटीएफ ब्रिजेश सिंह ने आरोपी की तलाश में बागपत और मुजफ्फरनगर में भी टीम के साथ दबिश दी है।
मेरठ में रविवार को 18 सेंटरों पर परीक्षा थी। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत एस्ट्रॉन कॉलेज में दूसरी शिफ्ट के पेपर में कॉलेज प्रशासन ने विभोर पुत्र वीरपाल ग्राम बसाना मुजफ्फरनगर को नकल करने के आरोप में पकड़ा था। सीओ एसटीएफ मेरठ बृजेश सिंह और इंस्पेक्टर ब्रह्मपुरी बृजेश शर्मा ने आरोपी से पूछताछ की। इस मामले में ब्रह्मपुरी थाने में आरोपी विभोर के खिलाफ केस दर्ज हुआ था।