ट्रैक सूट में पहुंचे, किसी ने नहीं पहचाना
जानकारी के अनुसार रविवार को अवकाश के दिन एसएसपी अविनाश पांडेय सुबह भ्रमण पर निकले थे। इसी दौरान वह ट्रैक सूट पहने महिला थाने पहुंच गए। थाने के मुख्य द्वार और परिसर में कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं मिला। कार्यालय में पहुंचने पर एक महिला सिपाही कुर्सी पर बैठी मिली, जो सो रही थी। एसएसपी कार्यालय में रखे क्राइम रजिस्टर को उठाकर अपने साथ ले गए, लेकिन वहां मौजूद पुलिसकर्मी को इसकी जानकारी तक नहीं हुई।
रजिस्टर तलाशती रही थाना पुलिस
सोमवार को एसएसपी ने महिला थाना प्रभारी सीता सिंह से क्राइम रजिस्टर मंगवाया। इसके बाद थाना पुलिस रजिस्टर की तलाश में जुट गई। काफी देर खोजबीन के बाद भी रजिस्टर नहीं मिला तो सीसीटीवी अभिलेख देखे गए। तब पता चला कि स्वयं एसएसपी थाने आकर रजिस्टर अपने साथ ले गए थे और किसी पुलिसकर्मी को इसकी भनक तक नहीं लगी।
यह भी पढ़ें: Meerut Weather: बारिश के बाद तापमान फिर 40 डिग्री के करीब, तीन दिन बढ़ेगी तपिश, उमस से नहीं राहत
19 पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज
निरीक्षण में सामने आई लापरवाही को गंभीर मानते हुए एसएसपी ने महिला थाने में तैनात एक हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल समेत कुल 19 पुलिसकर्मियों का तबादला कर दिया। उनकी जगह अन्य पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
क्या होता है क्राइम रजिस्टर
क्राइम रजिस्टर किसी भी थाने का अत्यंत महत्वपूर्ण अभिलेख माना जाता है। इसे चार नंबर रजिस्टर भी कहा जाता है। इसमें दर्ज सभी पुराने और नए मुकदमों का संक्षिप्त विवरण तथा उन पर की गई कार्रवाई का रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जाता है।
एसएसपी बोले- किसी भी समय पहुंच सकता है पीड़ित
एसएसपी अविनाश पांडेय ने कहा कि थाने में किसी भी समय कोई पीड़ित मदद के लिए पहुंच सकता है। निरीक्षण के दौरान महिला पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आई है। इसी कारण संबंधित पुलिसकर्मियों का तबादला कर अन्य कर्मियों की तैनाती की गई है।