मेरठ के हस्तिनापुर थाने में दरोगा अर्जुन पंवार बैठे थे। बाहर उनकी कार में सांप घुस गया। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। वन विभाग की टीम ने आकर सांप को बमुश्किल कार में से निकाला और अपने साथ ले गई।
हस्तिनापुर थाना परिसर के सामने शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब दरोगा अर्जुन पंवार की कार में सांप घुस गया। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिसकर्मियों और राहगीरों की भीड़ जुट गई। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम ने सांप को सुरक्षित बाहर निकाला।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, दरोगा अर्जुन पंवार थाने में अपना कार्य कर रहे थे। इसी दौरान बाहर मौजूद लोगों ने उनकी कार के बोनट में सांप घुसने की सूचना दी। यह खबर फैलते ही मौके पर पुलिसकर्मियों और आम लोगों का जमावड़ा लग गया। पुलिसकर्मियों ने अपने स्तर पर सांप को बाहर निकालने के कई प्रयास किए, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। इसके बाद वन विभाग को सूचित किया गया।
वन विभाग की टीम का रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही वन विभाग के कर्मचारी नितिन त्यागी अपनी टीम और आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान सांप कार के बोनट के अंदर इंजन के आसपास लगातार अपनी जगह बदलता रहा। कभी वह इंजन के नीचे छिप जाता तो कभी टायर के पास बने हिस्से में, जिससे उसे पकड़ना बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया था।
लगभग ढाई घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद, वन विभाग की टीम ने सांप को सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता प्राप्त की। सांप के पकड़े जाने के बाद पुलिसकर्मियों और आसपास मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद रहे और उत्सुकता से रेस्क्यू अभियान का नजारा देखा।
वन विभाग की अपील
वन रेंजर खुशबू उपाध्याय ने बताया कि रेस्क्यू किए गए सांप को किसी भी प्रकार की क्षति पहुंचाए बिना पूरी तरह सुरक्षित पकड़ा गया। बाद में, उसे आबादी से दूर एक सुरक्षित जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया गया। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि यदि उन्हें कहीं भी सांप दिखाई दे, तो उसे मारने का प्रयास न करें। इसके बजाय, तत्काल वन विभाग को सूचना दें ताकि ऐसे जीवों का सुरक्षित रेस्क्यू कराया जा सके।