मेरठ में दिल्ली चुंगी से जली कोठी तक वन वे, जाम से जूझ रहे लोग
दिल्ली-दून हाईवे के बाद गुरुवार शाम छह बजे से अचानक मेरठ शहर के अंदर भी दिल्ली चुंगी से जलीकोठी तक दिल्ली रोड को भी वन वे कर दिया गया। इसके बाद यातायात पुलिस के इंतजाम फेल हो गए और लोग भीषण जाम में फंसे रहे। ट्रक और रोडवेज बसें भी इस रूट पर आ गईं। दोनों तरफ वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई। लोगों ने कंट्रोल रूम को फोन करने शुरू कर दिए पर पुलिस की नींद नहीं टूटी।
शहर के अंदर बिना किसी पूर्व सूचना के गुरुवार को दिल्ली रोड पर डिवाइडर के एक तरफ दोनों ओर के वाहन चलाए गए। दूसरी लेन में कांवड़ियों की आवाजाही चलती रही। जाम लगा तो आक्रोशित लोगों ने दिल्ली रोड पर हंगामा किया। वहीं एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने कहा कि अतिरिक्त फोर्स लगाकर व्यवस्था बनाई जाएगी।
कल से हाईवे होगा बंद
पुलिस ने बताया कि एनएच-58 हाईवे 23 जुलाई को सुबह से पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा। दोनों तरफ कांवड़िये चलेंगे।
रैपिड रेल का कार्य पांच दिन के लिए बंद
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने एहितयात के तौर पर अगले पांच दिन तक दिल्ली-मेरठ हाईवे के एलिवेटेड ट्रैक पर कार्य बंद कर दिया है। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पुनीत वत्स ने इसकी पुष्टि की। वहीं 26 तारीख तक शताब्दीनगर कॉस्टिंग यार्ड में कार्य चलता रहेगा। मोदीपुरम फ्लाईओवर के पास एनसीआरटीसी और निर्माण कंपनी ने संयुक्त रूप से कांवड़ शिविर लगाया है।