मेरठ के पल्लवपुरम थाना क्षेत्र के रुड़की रोड डौरली के पास शनिवार तड़के करीब चार बजे शॉर्ट सर्किट से दो दुकानों में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में दुकानों का सारा सामान जलकर राख हो गया। आसपास के लोगों ने आग लगते ही दोनों दुकानदारों को सूचना दी, लेकिन जब तक वे मौके पर पहुंचे, तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। डौरली निवासी नितिन बालियान ने बताया कि उनकी डौरली नाले के पास “बालियान मोबाइल” नाम से दुकान है। उनके बगल में डौरली निवासी सुदेशपाल की स्टेशनरी और मोबाइल की दुकान है।
नितिन बालियान के अनुसार, सुबह उनके पड़ोसी सुदेशपाल की दुकान में शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई। देखते ही देखते आग उनकी दुकान तक पहुंच गई और वहां भी भयंकर लपटें उठने लगीं। आग की चपेट में आकर उनकी दुकान के अंदर रखे करीब 25 नए मोबाइल, मोबाइल एक्सेसरीज, काउंटर, फर्नीचर, बैटरी और इन्वर्टर पूरी तरह जलकर खाक हो गए।
आग से नितिन बालियान की दुकान में करीब 15 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। इसके अलावा सुदेशपाल की दुकान में भी भारी नुकसान हुआ। घटना के बाद पीड़ित व्यापारी नितिन बालियान ने पल्लवपुरम थाने में तहरीर दी है।