पश्चिम बंगाल के हुगली निवासी दिलावर देहली गेट थाना क्षेत्र की नील की गली में सोने के आभूषण बनाने का काम करता है। वह बिजनौर के चांदपुर स्थित ढाली बाजार से आभूषण लाया था।
मंगलवार शाम करीब साढ़े पांच बजे वह अपने दोस्त के साथ बाइक से गढ़ रोड स्थित सोहराब गेट बस अड्डे के पास पहुंचा। दिलावर का कहना है कि तभी उसके पास दो युवक पहुंचे। दोनों सादा कपड़ों में थे। वे खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए चेकिंग करने लगे।
आरोपियों ने बैग में रखे आभूषण लूट लिए और धमकी देते हुए भाग गए। दिलावर के फोन पर सूचना देने पर नौचंदी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूछताछ की। मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन के महामंत्री विजय आनंद अग्रवाल भी मौके पर पहुंचे।
उन्होंने बाद में नौचंदी थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया जाएगा।
धोखाधड़ी का केस दर्ज, लापरवाही का आरोप
पुलिस का कहना है कि इस मामले में धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है।