आधा दर्जन मीट प्लांटों पर फिर छापेमारी
रविवार को भी कई विभागों की संयुक्त टीमों ने मीट प्लांटों पर छापेमारी की। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, पशुपालन विभाग, पुलिस एवं प्रशासन की टीमों ने अल्लीपुर में अल अक्सा, डिप्लोमेट, फिट पैक, अल कैफ, अल आलिया, अल अखलाक, अल यासिर व अह हबीब सहित सभी मीट फैक्ट्रियों पर फिर से छापेमारी की। दोबारा से जिनमें मीट से संबंधित सामान मिला उनके नमूने लिए। वहीं, इस मामले में कोई अधिकारी कुछ कहने से मना कर रहे हैं।
शनिवार को करीब दो दर्जन मीट फैक्ट्रियों, रैंडरिंग प्लांट व मुर्गी दाना प्लांट पर छापेमारी की गई थी। इनमें से दो फैक्ट्रियों में पशु कटान होता मिला था। इसके अतिरिक्त सभी प्लांट मौके पर बंद मिले थे। उक्त कार्रवाई डीएम के आदेश पर की गई थी। हालांकि इस मामले में किसी भी अधिकारी ने कुछ कहने से इनकार कर दिया था।
कागजों में जो मीट फैक्ट्रियां बंद थीं उनकी चिमनियां धुआं उगल रही थीं। मौके पर भारी मात्रा में तैयार माल समेत चर्बी व कई प्रमाण मिले थे। छापेमारी में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के डॉ. योगेंद्र कुमार कई प्लांट के कागजात पूरे बताते रहे, लेकिन जब मौके पर बंद मिलीं फैक्ट्रियों के संचालन के बारे में चुप्पी साध ली थी। इन सभी प्लांटों की पशुपालन विभाग ने एनओसी से इनकार किया था। मौके पर सभी फैक्ट्रियों का संचालन बंद मिलना व सफाई मिलना बता रहा था कि छापेमारी की सूचना लीक हो गई थी।
लैंड यूज का मामला भी है अटका
रणनीति के तहत इस बार की छापमारी से एमडीए की टीम को अलग रखा गया है। यह टीम अन्य बिंदुओं पर जांच कर रही है। रडार पर आठ फैक्ट्रियां तो हैं ही साथ ही एक बड़ी फैक्ट्री है जिसका लैंड यूज का मामला अटका है। इसका प्रकरण खूब उछला पर एमडीए चाहकर भी इसे सील नहीं कर पाया। अब फिर से योजना बनाई जा रही है। ये सारी फैक्ट्रियां हापुड़ रोड अल्लीपुर क्षेत्र में हैं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/