बिजलीघरों पर हंगामा, कर्मचारियों के न मिलने पर भड़के लोग
कंकरखेड़ा बिजलीघर: रविवार आधी रात के बाद गुस्साए लोगों ने यहां जमकर हंगामा किया। कोई कर्मचारी न मिलने और विद्युत अधिकारियों द्वारा फोन न उठाने पर लोग भड़क गए। क्षेत्र की श्रद्धापुरी, सैनिक विहार, गोविंदपुरी, शिवलोकपुरी में सोमवार शाम तक रुक-रुक कर कट लगते रहे।
रामलीला ग्राउंड व विकासपुरी: गुलमर्ग कॉलोनी में सोमवार सुबह 11 बजे से दोपहर तक बिजली ठप रही। विकासपुरी बिजलीघर से जुड़ी किदवईनगर कॉलोनी में भी दिन में कई घंटे बिजली गुल रही। पार्षद दीपक वर्मा सोमवार तड़के सुबह 2:45 बजे खुद माधवपुरम बिजलीघर पहुंचे और अधिकारियों से वार्ता कर तत्काल आपूर्ति सुचारू करने की मांग की।
शारदा रोड बिजलीघर पर भी हंगामा
ब्रह्मपुरी क्षेत्र में लगातार बिजली संकट से गुस्साए लोगों ने सोमवार देर रात शारदा रोड बिजलीघर पर हंगामा किया। आक्रोश देखकर बिजलीघर के कर्मचारी वहां से चले गए। गिरीश भारद्वाज ने बताया कि ब्रह्मपुरी में दिन-रात बिजली आने-जाने का सिलसिला जारी है। 10 मिनट बिजली के बाद तीन-चार घंटे का लंबा कट लग रहा है। पिछले चार दिन से यह बिजली संकट बना हुआ है। घरों के इन्वर्टर ठप पड़ गए हैं और पीने के पानी का भी संकट है। हंगामा करने वालों में प्रशांत, राजबीरी, संजय कुमार, अतुल शर्मा और विनय अग्रवाल शामिल थे।
ओवरलोडिंग से तीन बिजलीघर बने मुसीबत
ओवरलोड होने के कारण मेरठ शहर के तीन बिजलीघर माधवपुरम-1 व 2, एल ब्लॉक शास्त्रीनगर और गंगानगर-3 विद्युत विभाग के लिए बड़ी मुसीबत बन गए हैं। माधवपुरम में रविवार की रात गुस्साए लोगों ने हंगामा कर पूरे बिजलीघर की सप्लाई बंद करा दी, जिसके बाद विद्युत अधिकारियों ने बिना पुलिस सुरक्षा के बिजलीघर चलाने से इनकार कर दिया है। एल ब्लॉक और गंगानगर-3 में भी त्रस्त जनता द्वारा बिजलीघर बंद कराने की घटनाएं सामने आ रही हैं।
मुख्य अभियंता मेरठ-प्रथम रजनीकांत मिश्र ने बताया कि एल ब्लॉक और गंगानगर-3 की समस्याएं लगभग दूर कर ली गई हैं। माधवपुरम-1 में 10-10 एमवीए के दो और माधवपुरम-2 में 5 एमवीए का ट्रांसफार्मर लगा है। अब इसके स्थान पर 8 एमवीए का नया ट्रांसफार्मर लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है जिससे ओवरलोडिंग खत्म होगी।
पीवीवीएनएल एमडी और मुख्य अभियंता से मिले जनप्रतिनिधि
ब्रह्मपुरी और माधवपुरम क्षेत्र में 4 दिन से जारी बिजली संकट को लेकर सोमवार को एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज ने पीवीवीएनएल के एमडी रवीश गुप्ता से मुलाकात की। उन्होंने केवल अस्थायी मरम्मत के बजाय स्थायी व्यवस्था करने, ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने और जर्जर लाइनों को बदलने की मांग की। एमडी रवीश गुप्ता ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 250 केवी क्षमता के 7 नए ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने और ब्रह्मपुरी व माधवपुरम क्षेत्र में दिन-रात निगरानी के लिए दो विशेष विद्युत विभागीय गैंग (टीमें) तैनात करने के आदेश दिए। यह व्यवस्था कल (मंगलवार) तक लागू हो जाएगी। इस दौरान अनिल वर्मा, पार्षद दीपक वर्मा, राकेश गौड़, कुलदीप वाल्मीकि, अमित शर्मा, संदीप कुमार, सुमित शर्मा, मनोज गुप्ता, अरविंद अरोड़ा, मनोज वर्मा, अजय शर्मा, अंकित शर्मा आदि मौजूद रहे।
भाजपा नेता ने उठाई व्यापारियों की समस्या
भाजपा नेता कमलदत्त शर्मा ने विद्युत समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए मुख्य अभियंता वितरण रजनीकांत मिश्र से मुलाकात की। संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष अजय गुप्ता एवं दलजीत सिंह ने अधिकारियों को बताया कि बिजली कटौती से व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है। इस मौके पर राकेश गौड़, विक्रम शर्मा, नितिन बच्चन, मयूर अग्रवाल, शिवम शर्मा, रुद्र शर्मा, विकास केन, अंकुर राजपूत, अनस सिद्दीकी आदि उपस्थित रहे। उधर, मुख्य अभियंता रजनीकांत मिश्र ने बताया कि ब्रह्मपुरी क्षेत्र को ओवरलोडिंग से मुक्त कराने के लिए 5 नए ट्रांसफार्मर स्वीकृत किए जा चुके हैं और जनप्रतिनिधियों के आश्वासन पर जगह चिह्नित कर इन्हें जल्द स्थापित किया जाएगा।
परीक्षा के समय संकट से छात्र परेशान
भगवतपुरा निवासी छात्र सुधांशु भारद्वाज ने बताया कि इस समय विश्वविद्यालय की सत्र परीक्षाएं चल रही हैं, लेकिन बिजली संकट के कारण पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं भगवतपुरा में अंबा रोलिंग शटर्स के संचालक जसवंत सिंह ने बताया कि बिजली की ट्रिपिंग के कारण काम पूरी तरह ठप हो गया है। वहीं मरम्मत और सीएम ग्रिड योजना के कार्यों के कारण मंगलवार सुबह 7 से 10 बजे तक रंगोली बिजलीघर के तेजगढ़ी, सम्राट पैलेस व वैशाली कॉलोनी फीडर और नौचंदी बिजलीघर के नौचंदी व गढ़ रोड फीडर में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।