विधान परिषद की मेरठ-गाजियाबाद सीट पर होने वाले चुनाव का कार्यक्रम सोमवार को निर्वाचन अधिकारी पंकज यादव ने जारी किया। इस सीट पर 15 फरवरी को नामांकन और 3 मार्च को मतदान होगा। जबकि मतगणना छह मार्च को होगी।
स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र (एमएलसी) के चुनाव का कार्यक्रम सोमवार को निर्वाचन अधिकारी पंकज यादव ने जारी कर दिया। मेरठ-गाजियाबाद सीट के अंतर्गत बागपत और हापुड़ जनपद के भी ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, जिला पंचायत सदस्य, ब्लाक प्रमुख, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पंचायत और नगर पालिकाओं के सभासद व चेयरमैन, नगर निगमों के पार्षद और महापौर मतदान करेंगे। इन चारों जनपदों से करीब 4500 मतदाता हैं।
गाजियाबाद स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र की इस सीट पर बसपा के प्रशांत चौधरी निर्वाचित हुए थे, जिनका कार्यकाल 15 जनवरी को पूरा हो चुका है। नियमानुसार चुनाव 15 जनवरी से पहले संपन्न हो जाना चाहिए था, लेकिन त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की प्रक्रिया के चलते समय पर चुनाव नहीं हो सका।
आठ को जारी होगी अधिसूचना
एमएलसी चुनाव के लिए निर्वाचन की अधिसूचना आठ फरवरी को जारी होगी। इसके साथ ही आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो जाएगी। नामांकन 15 फरवरी, नामांकन पत्रों की जांच 16 फरवरी, नाम वापसी 18 फरवरी और मतदान 3 मार्च को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। जबकि मतगणना 6 मार्च को सुबह आठ बजे से शुरू होगी।