एक तरफ प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं के सम्मान के लिए निर्देश दिए थे। सभी थानों से लेकर पुलिस और प्रशासन के उच्च अधिकारियों के ऑफिसों में डॉ. आंबेडकर की तस्वीर भी लगी हुई है। लेकिन कंकरखेड़ा पुलिस ने सरकार के दावों को ही हवा में उड़ा दिया। थाने की छत पर एक कोने में बाबा साहब की प्रतिमा पड़ी हुई है।
मामला कंकरखेड़ा थाने का है। कंकरखेड़ा थाना दो मंजिला बना हुआ है। दो मंजिल भवन की छत पर एक कोने में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा एक कोने में पड़ी हुई है। जिसको लेकर दलित समाज के एक युवक ने इसकी शिकायत कंकरखेड़ा थाने में पहुंचकर पुलिस से की तो आरोप है कि पुलिस ने उस युवक को फटकारते हुए थाने से भगा दिया। उल्टे युवक को ही झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी। अब थाने की छत पर प्रतिमा के फोटो सोशल मीडिया पर भी वायरल होने लगे हैं।
यह मामला कंकरखेड़ा पुलिस उच्च अधिकारियों से छिपाने में लग गई। चौधरी चरण सिंह विवि के पूर्व छात्रसंघ महामंत्री डॉ. रवि प्रकाश ने इस मामले में एक पुलिस अधिकारी को भी पूरे मामले की जानकारी दी। रवि प्रकाश का आरोप है कि कंकरखेड़ा पुलिस ने प्रतिमा का अपमान किया है। शासनादेश के उल्लंघन के साथ सरकार की छवि का भी अपमान किया गया। इस मामले में जांच के बाद आरोपी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। बुधवार को इस मामले में दलित समाज के लोग भी एसएसपी से मिलेंगे।