कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी निवासी युवती पिछले कई सालों से शहर के एक प्रतिष्ठित अस्पताल में नर्स की नौकरी कर रही थी। लगभग चार दिन पूर्व युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। उसके बाद परिजनों ने आसपास के क्षेत्र में युवती की तलाश की थी। लेकिन युवती का सुराग नहीं लग सकता था। वहीं, युवती का नंबर भी बंद आ रहा था। परिजनों ने थाने पर युवती की गुमशुदगी दर्ज करा दी थी।
वहीं, पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज करने के बाद से ही युवती की तलाश शुरू कर दी थी। इसी बीच पुलिस ने जांच में पाया कि युवती काफी समय से बिजनौर के एक दूसरे समुदाय के युवक के संपर्क में थी। जिसकी जानकारी पुलिस ने परिजनों को दी। मामले की जानकारी होने के बाद परिजनों के होश उड़ गए। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से आरोपी के भाई को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया।
आरोपी के भाई ने पुलिस को बताया कि उनके एक रिश्तेदार की तबीयत कई साल पूर्व खराब हो गई थी। जिसके बाद उन्होंने अपने रिश्तेदार को मेरठ के अस्पताल में भर्ती करा दिया था। यहीं पर उसके भाई की मुलाकात अस्पताल में काम करने वाली एक युवती से हो गई थी। जिसके बाद से दोनों का प्रेम-प्रसंग चल रहा था। वहीं, आरोपी युवक भी चार दिन से अपने घर से लापता है। आरोपी के भाई ने पुलिस को बताया कि उसे जानकारी नहीं है कि उसका भाई व युवती कहां है।
कंकरखेड़ा थाना प्रभारी अजय कुमार का कहना है कि आरोपी के भाई को सिर्फ पूछताछ के लिए लाया गया है।