पिटाई के आरोपों को पुलिस ने बताया निराधार
दिग्विजय भाटी की ओर से वीडियो जारी कर पुलिस पर मारपीट के आरोप लगाए जाने के बाद पुलिस ने अपना स्पष्टीकरण जारी किया। पुलिस के मुताबिक वीडियो के जरिए लगाए जा रहे आरोप तथ्यहीन, असत्य और निराधार हैं। पुलिस ने यह भी बताया कि दोनों के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं और दोनों अपने-अपने थानों के हिस्ट्रीशीटर हैं।
दिग्विजय भाटी पर 10 मुकदमे दर्ज
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार दिग्विजय सिंह भाटी के खिलाफ वर्ष 2008 से 2026 तक मेरठ, अमरोहा और आसपास के जिलों के अलग-अलग थानों में कुल 10 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मारपीट, बलवा, धमकी, सरकारी कार्य में बाधा समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे शामिल बताए गए हैं।
इनमें सिविल लाइन, मेडिकल, दौराला, रहरा, डिडौली, सैदनगली और हसनपुर थानों में दर्ज मुकदमे शामिल हैं। वर्ष 2026 का मुकदमा संख्या 173/2026 थाना सिविल लाइन में दर्ज है।
मोहित जाटव पर सात मुकदमों का उल्लेख
पुलिस के अनुसार मोहित जाटव के खिलाफ भी वर्ष 2015 से 2026 तक सात मुकदमे दर्ज हैं। इनमें भावनपुर थाने में दर्ज पुराने मुकदमों के अलावा दौराला, सिविल लाइन और भावनपुर थाने के मुकदमे शामिल हैं। पुलिस ने दोनों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जारी करते हुए कहा है कि दोनों अपने-अपने थानों के हिस्ट्रीशीटर हैं।