पल्लवपुरम थाना क्षेत्र की व्यास वाटिका में रविवार दोपहर दो भाइयों के बीच विवाद की सूचना पर पहुंची पीआरवी पुलिस पर युवक ने तलवार से हमला कर दिया। हमले में हेड कांस्टेबल हरेंद्र का हाथ कट गया। पुलिस ने घायल हेड कांस्टेबल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। देर रात आरोपी अमरजीत को गिरफ्तार कर लिया गया।
सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि राकेश ने सूचना दी थी कि उसका भाई अमरजीत उसके साथ मारपीट कर रहा है। पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मी व्यास वाटिका पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर अमरजीत को पूछताछ के लिए बुलाया। आरोप है कि इसी दौरान अमरजीत ने तलवार निकालकर हेड कांस्टेबल हरेंद्र पर हमला कर दिया। हरेंद्र ने हाथ से वार रोकने का प्रयास किया, लेकिन तलवार लगने से उनका हाथ कट गया।
साथ में मौजूद पुलिसकर्मियों ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, मगर वह अपने मकान में घुस गया और गेट बंद कर लिया। काफी देर तक उसने गेट नहीं खोला। घटना की जानकारी मिलने पर पल्लवपुरम थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल हेड कांस्टेबल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने देर रात आरोपी अमरजीत को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।