मेरठ के लिसाड़ी गेट थानाक्षेत्र में एक युवक निकाह के लिए मंडप में बैठा था कि अचानक पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने मंडप से उठाकर दूल्हे को हवालात पहुंचा दिया गया। जानें क्या था पूरा मामला:-
जाकिर कॉलोनी निवासी शहजाद मंगलवार को शादी करने के लिए बारात के साथ अपनी ससुराल पहुंचा था। यहां युवक का निकाह होने ही वाला था कि अचानक पुलिस पहुंच गई और निकाह रुकवा दिया। दरअसल युवक पर आरोप था कि अपनी पत्नी को तलाक दिए बिना ही दूसरी शादी कर रहा था।
इसकी जानकारी मिलते ही पत्नी ने मंडप में पहुंचकर बखेड़ा कर दिया। पत्नी से मारपीट हुई तो मामला थाने पहुंच गया। पुलिस ने दूल्हे को गिरफ्तार कर एनसीआर में कार्रवाई की है।
इंस्पेक्टर लिसाड़ी गेट रघुराज सिंह के अनुसार जाकिर कॉलोनी निवासी शहजाद की शादी ढाई साल पूर्व लोहियानगर खरखौदा की युवती से हुई थी। महिला का पति से झगड़ा चल रहा था। उसके चलते महिला मायके गई हुई थी। मंगलवार को महिला को शादी की सूचना मिली तो वह अपने पिता को लेकर पहुंच गई।
विवाह मंडप में पति को बैठा देखकर वह आगबबूला हो गई। इस दौरान मारपीट हो गई। महिला ने इसकी शिकायत लिसाड़ीगेट थाने पहुंचकर की। महिला की शिकायत पर मौके पर पहुंची पुलिस शादी रुकवाकर दूल्हे शहजाद को थाने ले आई। इंस्पेक्टर के अनुसार महिला की शिकायत पर शहजाद के खिलाफ एनसीआर दर्ज की गई है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/