यूपी टी-20 लीग को लेकर आगरा में होनी है नीलामी, मेरठ के खिलाड़ी करेंगे प्रतिभाग
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। यूपी टी-20 लीग को लेकर 24 जुलाई को आगरा में नीलामी प्रक्रिया का आयोजन किया जाएगा। इसमें मेरठ मेवरिक्स टीम के साथ-साथ प्रतियोगिता में शामिल होने वाली सभी टीम प्रतिभाग करेंगी। नीलामी प्रक्रिया में मेरठ के भी कई क्रिकेटरों की किस्मत चमक सकती है।
यूपी लीग का चौथा सीजन 14 अगस्त से शुरू हो रहा है। उद्घाटन मैच मेरठ मेवरिक्स और काशी रुद्रास टीम के बीच लखनऊ के इकाना स्टेडियम में होगा। प्रतियोगिता में मेरठ मेवरिक्स, काशी रुद्रास, लखनऊ फाल्कंस, गोरखपुर लायंस, नोएडा किंग्स और कानपुर सुपरस्टार टीम प्रतिभाग कर रही हैं। प्रतियोगिता में अभी तक सभी टीमों की ओर से मेरठ के 11 क्रिकेटरों को रिटेन कर लिया गया है। इसमें मेरठ ने विजय कुमार, दिव्यांश, कार्तिक और रितुराज को, काशी ने सुनील कुमार, गोरखपुर ने हरदीप को, लखनऊ ने प्रियम गर्ग और भुवनेश्वर को, कानपुर ने समीर रिजवी, विनीत पंवार और शुभम मिश्रा को रिटेन किया है। अब मेरठ के अन्य खिलाड़ियों पर नीलामी में नजर होगी। मेरठ के अंकित शर्मा, कर्ण शर्मा, मानव सिंधु, यशु, इंजमाम, पूर्णांक त्यागी, शिवम आदि खिलाड़ियों का नाम नीलामी प्रक्रिया में शामिल हो सकता है। प्रत्येक टीम को 25 खिलाड़ियों का दल पूरा करना है। इसमें 6 खिलाड़ी ट्रायल और 7 खिलाड़ी नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से लिए जाने हैं।