मेरठ। आम बजट के बाद रेलवे द्वारा जारी की जाने वाली पिंक बुक में एक बार फिर मेरठ-पानीपत रेलवे लाइन को शामिल किया गया है। इस रेलवे लाइन का प्रस्ताव कई वर्षों से लंबित हैं। हालांकि, मेरठ-हस्तिनापुर रेलवे लाइन को पिंक बुक में कोई स्थान नहीं दिया गया है। इससे साफ है कि मेरठ-हस्तिनापुर रेलवे लाइन बनाने के लिए सरकार का कोई प्लान नहीं है। वर्ष-2021-22 की पिंक बुक में भी रेलवे ने नई लाइनों में मेरठ-पानीपत रेल लाइन को शामिल किया है।
वर्ष-2019 में सरधना स्थित कुशावली गांव के जंगलों में रेलवे लाइन के लिए सर्वे कर निशान लगने शुरू किए गए थे। वहीं, 104 किलोमीटर के मेरठ-पानीपत रेलवे लाइन रूट को लेकर भी संशय है। मुजफ्फरनगर सांसद और केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान इसे वाया सरधना, बुढ़ाना होकर निकलवाना चाहते हैं। वहीं बागपत सांसद सत्यपाल सिंह इसे बागपत से निकलवाना चाहते हैं। दोनों सांसद रेल मंत्रालय के पास कई बार अपने-अपने प्रस्ताव भेज चुके हैं। ये भी एक कारण है कि इस रेलवे लाइन पर कार्य शुरू नहीं हो सका है। ब्यूरो