मोदीपुरम में जाम लगा तो डिवाइडर पर चढ़ा दी बाइक।
- फोटो : अमर उजाला
कांवड़ यात्रा को लेकर शहर में बुधवार से वन-वे व्यवस्था लागू कर दी जाएगी। इसके लिए यातायात पुलिस ने तैयारियां कर ली हैं। सभी जगह बैरिकेडिंग भी कर दी गई हैं। सुबह 11 बजे से शहर में एक रोड कांवड़ियों के लिए 22 जून तक आरक्षित कर दी जाएगी, जबकि दूसरी रोड पर वाहन आ और जा सकेंगे। ऑटो-ईरिक्शा चालकों को भी यातायात पुलिस ने एक तरफ चलने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा गया है जो भी नियमों का पालन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसपी यातायात राघवेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि मुजफ्फरनगर पुलिस से संपर्क किया गया है। वहां से कांवड़िये मेरठ की ओर चल दिए हैं। माना जा रहा है कि बुधवार से कांवड़ियों की संख्या मेरठ में बढ़ जाएगी। कांविड़यों के साथ कोई हादसा न हो इसको लेकर आज से शहर में वन-वे कर दिया जाएगा। सभी जगह बैरिकेडिंग पुलिस ने कर दी है। केवल जो बड़े चौराहे खुले हैं, जहां से निकलकर जा सकते हैं। बच्चा पार्क, हापुड़ अड्डा, एल ब्लाॅक शास्त्रीनगर, गांधी आश्रम चौराहा, सोहराब गेट बस अड्डा, नई सड़क, तेजगढ़ी चौराहा पर कट दिया हुआ है, जहां से टर्न लिया जा सकता है। इन सभी कट पर यातायात पुलिस की ड्यूटी भी लगाई गई है।
दिल्ली रोड की बात करें तो भैंसाली बस अड्डे के समने कट दिया हुआ है। इसके अलावा रेलवे रोड चौराहा, फुटबाल चौक, ट्रांसपोर्ट नगर पर कट दिया हुआ है। इससे आगे शॉप्रिक्स माॅल के सामने भी कट खोला हुआ है। वन-वे व्यवस्था लागूू होने से शहर की यातायात व्यवस्था बिगड़ सकती है। व्यवस्था संभालने के लिए सभी प्वाइंटों पर यातायात पुलिसकर्मी टीआई विनय कुमार शाही ने तैनात किए हैं।