सीओ ब्रह्मपुरी राम प्रकाश ने बताया कि बागपत निवासी भारत तोमर और वंश तोमर बुधवार रात मेरठ में दिल्ली रोड स्थित पेट्रोल पंप पर कार में तेल भरवाने पहुंचे थे। कार में 4700 रुपये का पेट्रोल भरवाने के बाद दोनों बिना भुगतान किए वहां से भाग गए। पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने उन्हें रोकने और पकड़ने का प्रयास किया तो आरोप है कि युवकों ने कार से कर्मचारियों को टक्कर मारने की कोशिश की। इसके बाद आरोपी कार लेकर मेरठ की ओर भाग गए।
पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने डायल-112 को घटना की सूचना दी। इसके बाद कई थानों की पुलिस सतर्क हो गई। आरोपी बीच में पड़े कई थानों की पुलिस को चकमा देकर बेगमपुल चौराहे पर पहुंचे। सदर बाजार थाना पुलिस ने बेगमपुल चौराहे पर घेराबंदी कर कार को रोक लिया। पुलिस दोनों युवकों को कार समेत थाने ले आई।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए दोनों युवक नशे की हालत में थे। मामले की जानकारी परतापुर थाना पुलिस को दे दी गई है। दोनों युवकों का मेडिकल कराया जा रहा है। सीओ ब्रह्मपुरी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इन पर पूर्व में साइबर थाने में भी प्राथमिकी दर्ज है।
ये भी देखें...
यूपी: बागपत के 50 युवाओं का यूपी पुलिस में चयन, दर्जी के बेटे सारंग ने हासिल की पहली रैंक; सच किया सपना