बुधवार रात हुई मेहंदी की रस्म, बृहस्पतिवार को होनी थी शादी
स्थानीय लोगों के अनुसार, बुधवार रात सैनिक विहार कॉलोनी में किराये के मकान के बाहर टेंट लगाकर मेहंदी की रस्म आयोजित की गई थी। बृहस्पतिवार को शादी होनी थी। इसकी भनक क्षेत्र के लोगों को लग गई और उन्होंने विरोध शुरू कर दिया।
जानकारी मिलने पर अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा संगठन के अध्यक्ष सचिन सिरोही अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ता भी वहां पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने शादी का विरोध करते हुए निकाह नहीं होने देने का एलान किया। उन्होंने आरोप लगाया कि युवती का धर्म परिवर्तन कराकर निकाह कराने की तैयारी की गई थी।
युवती के भाई से भी पुलिस ने की बात
पुलिस ने युवक और युवती के परिजनों से फोन पर संपर्क किया। दुबई में रह रहे युवती के भाई को भी फोन कर पूरे मामले की जानकारी दी गई। पुलिस ने युवती को आशा ज्योति केंद्र भेज दिया, जबकि युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
जांच के दौरान युवती के आधार कार्ड पर उत्तराखंड का पता दर्ज मिला। पुलिस अब आधार कार्ड कब, कहां और किसके माध्यम से बनवाया गया, इसकी भी पड़ताल कर रही है।
एसपी सिटी बोले- तथ्यों के आधार पर होगी कार्रवाई
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि पूरे प्रकरण की गहनता से जांच की जा रही है। युवती के आधार कार्ड से संबंधित जानकारी भी जुटाई जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।