दिल्ली-मेरठ रेल मार्ग पर मोहिद्दीनपुर रेलवे स्टेशन के समीप यार्ड में बुधवार को मालगाड़ी का इंजन पटरी से उतर गया। सूचना पर आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचे। साथ ही रेलवे हैडक्वाटर दिल्ली को भी इसकी सूचना दी गई। देर रात्रि तक रेलवे कर्मचारी और आरपीएफ के जवान दिल्ली से आने वाली क्रेन का इंतजार करते रहे। हालांकि दिल्ली-मेरठ रेल मार्ग पूरी तरह खुला रहा। कोई ट्रेन बाधित नहीं हुई।
घटना बुधवार देर शाम साढ़े सात बजे की है। मालगाड़ी कृभको की खाद लेकर मोहिउददीनपुर वेयरहाउस पहुंची थी। वेयरहाउस में माल उतारने के लिए गाड़ी खड़ी करके ड्राइवर इंजन लेकर रेलवे स्टेशन की तरफ लौट रहा था। थोड़ा आगे चलते ही इंजन के तीन पहिए पटरी से उतर गए। ड्राइवर ने जैसे तैसे इंजन का ब्रेक लगाया और इसकी सूचना ड्राइवर ने मोहिउददीनपुर रेलवे स्टेशन को दी। जिसके बाद सिटी रेलवे स्टेशन से आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचे। पटरी से इंजन उतरने की सूचना रेलवे हैड क्वाटर दिल्ली को भी दी गयी। यहां मौजूद कुछ लोगों की माने तो पेंड्रोल क्लि न होने के कारण पटरी से इंजन उतरा है। हालांकि रेलवे के ट्रैफिक इंस्पेक्टर उपेन्द्र सिंह का कहना है कि किस कारण से इंजन पटरी से उतरा है उसकी जांच की जाएगी। फिलहाल दिल्ली से क्रेन मंगवायी जा रही है। जिसके माध्यम से रात्रि में ही इंजन को पटरी पर लाया जाएगा। इस घटना से रेल यातायात प्रभावित नहीं हुआ है।
मीडिया कर्मियों के साथ की अभद्रता
मालगाड़ी के इंजन को पटरी से उतरने की सूचना पर पहुंचे मीडियाकर्मियों से कुछ लोग भिड़ गए। बताया जा रहा है कि वह खाद कंपनी के लोग थे। उन्होंने मीडियाकर्मियों के कैमरे छीनकर फोटो भी डिलीट कर दिए। अभद्रता करने पर उतारु हो गए। आरपीएफ के जवानों ने स्थिति को संभाला।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/