07:33 PM, 08-Feb-2023
नशे की खातिर करता था लूट, पुलिस ने पकड़ा
सहारनपुर में कोतवाली सदर बाजार पुलिस ने लूट के आरोपी को गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से लूट के तीन मोबाइल फोन बरामद हुए। आरोपी नशे का आदी है और मादक पदार्थ खरीदने के लिए लूट की घटनाएं करता था।
एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने पुलिस लाइन में पत्रकार वार्ता में बताया कि कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों में मोबाइल लूट की तीन वारदात हुई। बदमाश को पकड़ने के लिए पुलिस टीम को लगाया गया। पुलिस ने हिमांशु निवासी हसनपुर चुंगी को क्षेत्र से गिरफ्तार किया, जिसने तीन वारदात करना स्वीकार किया। आरोपी के पास लूट के तीन मोबाइल फोन बरामद हुए।
आरोपी ने एक फोन श्रीचंद निवासी नवीनगर, अंजू रानी निवासी न्यू लक्ष्मीपुरम से पर्स व मोबाइल फोन और हर्ष पुंडीर निवासी धर्मपुरी कॉलोनी से मोबाइल फोन लूटा था। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी नशा करने का आदी है, जो लूट के मोबाइल फोन बेचकर मादक पदार्थ खरीदता था, जिन जगहों से आरोपी मादक पदार्थ खरीदता था, उसका भी पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।