शहर सतरंगी पतंगों से रंगीन होने वाला है। पतंग उड़ाने की शौकीन लोगों के लिए काउंट डाउन शुरू हो चुका है। पहली बार शहर के पतंगबाजों को एक बड़ा प्लेटफार्म मिलेगा। जहां लोग पतंग उड़ाने के लिए बेताब हैं, वहीं एक्सपर्ट उनके इस हुनर को तराशने का काम करेंगे। गुजरात के पतंगबाज प्रतियोगिता में टिप्स भी देंगे।
अमर उजाला के सहयोग और ‘मेरा शहर मेरी पहल’ की ओर से 8 से 13 फरवरी तक जिमखाना मैदान में पतंगबाजी प्रतियोगिता होगी। इसमें शहर के 512 पतंगबाज प्रतिभाग करेंगे। निशुल्क एंट्री के जरिये प्रतिभागियों को प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार के रूप में 11,000 रुपये और द्वितीय पुरस्कार के रूप में 5100 रुपये दिए जाएंगे। जिमखाना मैदान में जादूगर का शो, नृत्य और संगीत के कार्यक्रमों के बीच बसंतोत्सव पर पतंगबाजी होगी। पतंग उड़ाने के शौकीनों के लिए यह एक खास मौका है।
इस अनूठे आयोजन में जहां देश के नामचीन पतंगबाज भाग लेंगे, वहीं बेहतरीन ड्रेगन, परी और स्नेक पतंगों का भी प्रदर्शन किया जाएगा। शहर के हर वर्ग से एंट्री आई है। व्यापारी, नौकरीशुदा, वकील, स्टूडेंट्स सब पतंग उड़ाने के लिए उतावले हैं। दर्शक इस अनोखी प्रतियोगिता का लुत्फ उठाएंगे। मुकाबले देखने लायक होंगे।