लोधीपुरा नहर झाल पर जहरीली शराब पीने से दो युवकों की हालत बिगड़ गई। पुलिस दोनों को अस्पताल लेकर पहुंची, जहां एक को मृत घोषित कर दिया गया। दूसरे युवक को गंभीर हालत में मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
आसिफाबाद मार्ग स्थित लोधीपुरा नहर झाल पर अवैध तरीके से शराब की बिक्री की जाती है।
पुलिस से शिकायत के बावजूद बिक्री नहीं रोकी जा सकी। शुक्रवार को गांव आसिफाबाद निवासी सतीश और खजूरी गांव निवासी हरीश झाल पर अलग-अलग बैठे शराब पी रहे थे। इस बीच जहरीली शराब पीने से दोनों की हालत बिगड़ गई। काफी देर तक दोनों तड़पते रहे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सीएचसी लेकर में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने हरीश को मृत घोषित कर दिया।
गंभीर हालत में सतीश को मेडिकल कॉलेज मेरठ के लिए रेफर किया गया। मृतक के दाहिने हाथ पर हरीश लिखा था, जिससे उसकी शिनाख्त हो सकी। एसओ श्यामवीर सिंह ने बताया कि एक युवक की मौत हो गई है। सीएचसी प्रभारी डॉ. संदीप का कहना है कि जहरीली शराब के साथ-साथ कुछ अन्य पदार्थ भी खाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत का कारण पता चल सकेगा।
मॉडल शॉप बन जाती है झाल
दिन ढलते ही लोधीपुरा नहर झाल पर शराब परोसे जाने का धंधा शुरू हो जाता है। यहां सालों से कच्ची शराब की बिक्री की जा रही है, लेकिन पुलिस आंखें बंद किए रहती है। शराब के इस धंधे में महिलाएं भी शामिल हैं। शराबियों के हुड़दंग के लिए झाल क्षेत्र बदनाम हो चुका है। पहले भी यहां कई मौत हो चुकी है।
एसएसपी को बताया था सच
अखिल विद्या समिति अध्यक्ष विष्णु अवतार रुहेला ने पिछले दिनों थाने पहुंचे एसएसपी से लोधीपुरा झाल का सच बताया था। एसएसपी ने पुलिस को अंकुश लगाने के निर्देश दिए थे, लेकिन पुलिस ने इस ओर कोई ध्यान नही दिया। उनका कहना है कि अब डीएम के समक्ष मामला रखा जाएगा।