महंगे खाने, चाय और पानी को लेकर गोल्डन टेंपल मेल के यात्रियों ने जमकर हंगामा काटा और पेंट्री कार मैनेजर को पकड़ लिया। यात्रियों ने रेलवे की शिकायत सेल में फोन करके जानकारी दी और सिटी स्टेशन पर ट्रेन रुकने पर जीआरपी को भी मामले से अवगत कराया।
शुक्रवार को मुंबई से अमृतसर जा रही 12903 गोल्डन टेंपल मेल के एसी थ्री टायर कोच नंबर बी-4 में बैठे यात्रियों ने भोजन की थाली, चाय और पानी आदि का तय रेट से ज्यादा रेट वसूले जाने का विरोध किया। मुंबई से मेरठ आ रहे विशाल बिंदल, दीपक तोमर, अमृतसर जा रहे संदीप, दिल्ली के संजीव चावला आदि यात्रियों ने बताया कि पेंट्री कार वेंडरों के सुनवाई नहीं करने पर मामला बिगड़ गया और कोच में बैठे यात्री भड़क गए।
यात्रियों ने मामले की शिकायत रेेलवे की शिकायत सेल में फोन से की और पेंट्री कार के मैनेजर डीके त्रिपाठी को भी अवगत कराया। लेकिन नशे में धुत मैनेजर ने भी कोई सुनवाई नहीं की। विशाल ने बताया कि सात रुपये की चाय दस रुपये में बेची जा रही थी। 15 रुपये की पानी की बोतल 30 रुपये में और 55 रुपये की भोजन की थाली के 110 रुपये वसूले जा रहे थे। यात्रियों ने मैनेजर को पकड़कर कोच में ही बैठा लिया।
करीब पौने दस बजे ट्रेन सिटी स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर पांच पर पहुंची। यहां पहुंचते ही यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहले से ही प्लेटफार्म पर पहुंचे आरपीएफ और जीआरपी जवानों ने मामले की जानकारी ली। यात्रियों ने मैनेजर के खिलाफ मामला दर्ज करके मेडिकल जांच कराने की मांग की।