गांधी बाग का नजारा अब आम दिनों के मुकाबले बदलने लगा है। शनिवार को लोगों ने विंटेज कार और नाव की सवारी का लुत्फ लिया। विंटेज की सैर और बोटिंग का शुभारंभ होने से कैंट बोर्ड की आय में भी इजाफा हो रहा है। शनिवार को ही कैंट बोर्ड ने 11,580 रुपये कीमत के टिकट बेचे।
कैंट बोर्ड गांधी बाग को पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित कर रहा है। 22 एकड़ में फैले गांधी बाग को आकर्षक लुक देने के लिए यहां विंटेज कार और ताल के लिए नाव की व्यवस्था की गई है।
शनिवार को सीईओ राजीव श्रीवास्तव और बोर्ड उपाध्यक्ष बीना वाधवा ने विंटेज कार और नाव को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। गांधी बाग में इसके लिए एडवांस बुकिंग कराने वालों की भीड़ लगी हुई थी। इस दौरान कैंट बोर्ड का स्टाफ मौजूद रहा।
सीईओ ने खरीदा टिकट
विंटेज कार में सबसे पहले सीनियर सिटीजन और वीर नारियों को बैठाकर गांधी बाग की सैर कराई गई। सीईओ राजीव श्रीवास्तव ने चंडीगढ़ से आई ब्लू कलर में शताब्दी विंटेज कार के लिए 100 रुपये देकर पांच टिकट लिए।
उन्होंने पांच सीनियर सिटीजन को उसमें बैठाकर सबसे पहले गांधी बाग की सैर कराई। इसके बाद सीईओ ने सफेद कलर की इंटर सिटी विंटेज कार के लिए टिकट खरीदकर पांच वीर नारियों को सैर करने का अवसर दिया।
लोगों का उमड़ा हुजूम
शुभारंभ के बाद कार की सैर और बोटिंग के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। लोगों ने काफी देर तक लाइन में खडे़ होकर अपनी बारी का इंतजार किया।
यह है टिकट का मूल्य
पूरे गांधी बाग की सैर कराने वाली विंटेज कार का टिकट 20 रुपये प्रति व्यक्ति है। ताल में 10 मिनट की बोटिंग का लुत्फ जलपरी नाम की नाव से लिया जा सकता है। इसके लिए भी टिकट दर 20 रुपये प्रति व्यक्ति है। बोटिंग के लिए 10 रुपये प्रति व्यक्ति की दर से एक लाइफ जैकेट भी लेनी होगी।
20,850 रुपये की पहुंची कमाई
गांधी बाग में शनिवार को लोगों की भीड़ लगी रही। कैंट बोर्ड को एडवांस बुकिंग के तीसरे दिन 11,580 रुपये की कमाई हुई। एडवांस बुकिंग से होने वाली रकम का आंकड़ा अब 20,580 रुपये तक पहुंच चुका है।
पांच खरगोश भेंट किए
कैंट बोर्ड उपाध्यक्ष बीना वाधवा ने गांधी बाग के चिड़ियाघर के लिए सीईओ राजीव श्रीवास्तव को पांच खरगोश भेंट किए है।