फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बोर्ड परीक्षा में विभाग का इम्तिहान

Thu, 18 Feb 2016 02:30 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, मेरठ
विज्ञापन
विज्ञापन
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाएं बृहस्पतिवार से शुरू हो रही हैं। कक्ष निरीक्षकों की कमी के चलते परीक्षा कराने में विभाग का इम्तिहान भी होगा। नियमानुसार परीक्षा कराना जिला विद्यालय निरीक्षक के लिए बहुत बड़ी चुनौती है। आशंका है अगर बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षक ड्यूटी पर नहीं आते हैं तो चपरासी और बाबुओं को कक्ष निरीक्षक बनाया जा सकता है।
विज्ञापन


हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में हिंदी की परीक्षा होनी है, जो कंपलसरी विषय है। इस कारण से सभी छात्र एक साथ परीक्षा में शामिल होंगे। ऐसे में पहले दिन ही कक्ष निरीक्षकों की कमी को पूरा करना विभाग के लिए काफी चुनौती पूर्ण है, खासकर देहात क्षेत्र के विद्यालयों में।

क्योंकि माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकांश शिक्षकों की ड्यूटी कस्बे व शहरी क्षेत्रों के विद्यालयों में लगाई गई है, जबकि डीआईओएस कार्यालय ने जितने भी कक्ष निरीक्षक बेसिक शिक्षा विभाग से मांगे हैं, उनकी ड्यूटी ग्रामीण क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों पर लगाई जानी है। ऐसे में बेसिक शिक्षा के अधिकांश शिक्षक इन केंद्रों पर ड्यूटी लगाने को लेकर मंगलवार तक सहमत नहीं थे।
विज्ञापन


140 केंद्र पर होगी परीक्षा
जिले में 140 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए विभाग की तरफ से आठ सचल दल और 21 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसके साथ ही 14 केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है, जिन पर विभागीय अधिकारियों की सबसे ज्यादा नजर रहेगी।

दो पालियों में संपन्न होगी बोर्ड परीक्षा
सुबह की पाली - 7:30 से 10:45 बजे तक (हाईस्कूल की परीक्षा) व सैन्य विज्ञान (इंटरमीडिएट)।
दोपहर की पाली - दोपहर 2:00 से शाम 5:15 बजे तक (इंटरमीडिएट की परीक्षा)

प्रशासन रखेगा कड़ी नजर
परीक्षा पर माध्यमिक शिक्षा परिषद के साथ ही जिला प्रशासन के आलाधिकारियों की नजर बनी रहेगी। परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराए जाने को लेकर शासन के निर्देश पर उच्च अधिकारी भी परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगे।

एप पर दी जाएगी उपस्थिति की सूची
यूपी बोर्ड के इतिहास में ऐसा पहली बार होने जा रहा है जब सभी केंद्र व्यवस्थापक अपने मोबाइल फोन के जरिये हर पाली के हिसाब से परीक्षा केंद्र पर उपस्थित व अनुपस्थित रहने वाले छात्रों की जानकारी देंगे।

जिसको लेकर बोर्ड की तरफ से पहले ही बीएसएनएल के सिम कार्ड सभी केंद्र व्यवस्थापकों को दिए जा चुके हैं। अब केंद्र व्यवस्थापक को एंड्रायड फोन के माध्यम से बोर्ड द्वारा जारी एप को डाउनलोड करना होगा।

किठौर में फर्श पर होगी परीक्षा 
बोर्ड परीक्षा में पुख्ता व्यवस्था के दावों का सच किठौर के राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में देखा जा सकता है। यहां छात्राओं को फर्श पर बैठकर परीक्षा देनी होगी। क्षेत्र के एकमात्र राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में बृहस्पतिवार को बोर्ड परीक्षा के 452 परीक्षार्थी आधी-अधूरी व्यवस्था के बीच परीक्षा देंगे।

इसके बावजूद प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। इस मामले में प्रधानाचार्य रेनू अग्रवाल ने बताया कि केंद्र बनने के बाद निरीक्षण के लिए आई डीआईओएस श्रवण कुमार को फर्नीचर के बारे में जानकारी दे दी गई थी।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें