सरधना थाना क्षेत्र के एक गांव में चाची के साथ घर से गया भतीजा करीब एक माह बाद वापस लौट आया। दोनों के गांव पहुंचने की जानकारी मिलते ही परिवार में विवाद हो गया। कहासुनी के बाद परिजनों ने भतीजे की पिटाई कर दी। इसके बाद युवक के चाचा ने थाने पहुंचकर भतीजे के खिलाफ तहरीर दी है।
जानकारी के अनुसार, करीब एक माह पहले गांव निवासी एक युवक प्रेम प्रसंग के चलते अपनी ही सगी चाची को लेकर घर से चला गया था। दोनों के अचानक लापता होने पर परिजन उनकी तलाश में जुटे रहे, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। बताया गया कि रविवार को दोनों वापस गांव लौट आए। उनके घर पहुंचते ही परिवार के लोगों ने नाराजगी जताई। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि कहासुनी के दौरान परिजनों ने भतीजे के साथ मारपीट कर दी। घटना के बाद युवक के चाचा ने सरधना थाने पहुंचकर भतीजे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई और कार्रवाई की मांग की। सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।