जून महीने में सूरज की तपिश सुबह से लेकर शाम तक परेशान कर रही है। धूप इतनी तेज हैं कि ऐसा लग रहा है कि सूरज सिर पर ही बैठा हो। अगले पांच दिन में बारिश के आसार हैं।
जून महीने में गर्मी रिकॉर्ड तोड़ रही है। मौसम विभाग ने हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। गर्मी का असर तेज होने के साथ सूरज की तपिश ने भी पसीने निकाल दिए हैं। फिलहाल, अभी दो-तीन दिन तक राहत के आसार नहीं दिख रहे हैं।
विज्ञापन
गर्मी से बचने को सिर पर कपड़ा रखे युवक।
- फोटो : अमर उजाला
पिछले एक सप्ताह से मौसम में बदलाव के चलते गर्मी ने अपनी रफ्तार पकड़ ली है। नौतपा बीत चुका है और जेठ माह भी खत्म होने को है, लेकिन आसमान से बरस रही आग धरती को तपा रही है। मौसम के तेवर तल्ख हो रहे हैं और गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। जून महीने में गर्मी का रिकॉर्ड टूटता जा रहा है।
पिछले 30 वर्षो के मुकाबले दिन के तापमान में 2.7 और न्यूनतम तापमान में 1.7 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई। दिन में हीट वेव का असर बढ़ने से पश्चिम उत्तर प्रदेश में अलर्ट जारी किया गया है। मंगलवार को भी सुबह से ही मौसम गर्म रहा।
भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान संस्थान मोदीपुरम के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एम शमीम का कहना है कि इस बार जून महीने में गर्मी अन्य सालों की अपेक्षा ज्यादा है। अभी दो-तीन दिन तक गर्मी का अलर्ट जारी रहेगा और हीट वेव भी परेशान करेगी।
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की मौसम वेधशाला पर दिन का अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स 162 रिकॉर्ड किया गया। गंगानगर में 185, जयभीम नगर में 168, पल्लवपुरम में 172, दिल्ली रोड पर 182, बेगमपुल पर 171 एक्यूआई दर्ज किया गया।
दिन बड़े, गर्मी का प्रकोप ज्यादा
जून माह में दिन बड़े होते हैं। दिन बड़े होने के कारण सूरज का असर लंबा रहता है। बाहर निकलने के दौरान ऐसा लगता है कि सूरज सिर पर ही बैठा है।
अगले पांच दिन में बारिश के आसार
भीषण गर्मी से जनमानस से लेकर पशु पक्षी तक परेशान हैं। हालांकि, अगले पांच दिन में बारिश के आसार हैं। कृषि प्रणाली के मौसम वैज्ञानिक डॉ. शमीम का कहना है कि बारिश लगभग पांच से सात मिमी होने की संभावना है। बारिश से दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज होगी, तभी गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।