दो बीघा जमीन के लालच में सौतेला भाई मोहित हैवान बन गया। पहले उसने विनीत के हाथ की उंगली काटी। इसके बाद धारदार हथियार से सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। मां चीखती चिल्लाती रही लेकिन मोहित के सिर पर खून सवार था। वारदात को अंजाम देकर हत्यारोपी फरार हो गया।
हत्या के बारे बिखरा पड़ा खून।
- फोटो : अमर उजाला
कमरे में बिखरा खून वारदात की हैवानियत बयां कर रहा था। जिसने भी ये खौफनाक मंजर देखा, वह कांप उठा। लोगों का कहना था कि एक भाई जमीन के लालच में कितना गिर गया कि भाई को मारते हुए उसके हाथ नहीं कांपे। मां गीता ने रोते हुए बताया कि मोहित विनीत पर ऐसे वार कर रहा था जैसे वह किसी जानवर को मार रहा हो। पहले उसने सो रहे विनीत के हाथ की उंगली काटी। इसके बाद सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। उन्होंने खूब मिन्नत की, लेकिन मोहित का दिल नहीं पसीजा। शोर सुनकर भाई राहुल पकड़ने दौड़ा तो आरोपी फरार हो गया। दौराला के भगवानपुरी मोहल्ले में हुई इस सनसजीखेज वारदात से हर कोई अवाक है। घटना के बाद से मोहल्ले में मातम पसरा है। मां गीता बार-बार यही कह रही थी कि दो बीघा जमीन के लालच में भाई ने भाई को ही मार दिया।
दोनों भाइयों को दे चुका था मारने की धमकी
सौतेला बड़ा भाई मोहित नशे का आदी है। अपने हिस्से की जमीन बेचकर उसने सारे पैसे नशे में उड़ा दिए। पैसों की आर्थिक तंगी के चलते वह दोस्त के घर पर काम कर रहा था। मोहित अब मां की जमीन बेचने का दबाव बना रहा था। राहुल और विनीत इसका विरोध करते थे। कई बार उसने विनीत के साथ मारपीट भी की। राहुल और विनीत दोनों को उसने मारने की धमकी दी थी।
गांव के लोग रहते हैं मोहित से परेशान
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि गांव के लोगों ने बताया कि मोहित दबंग प्रवृत्ति का है। गांव के सभी लोग उससे परेशान रहते हैं। हत्या किस हथियार से की गई, इसके बारे में अभी किसी को जानकारी नहीं है। मोहित के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।