बिजनौर जनपद के नूरपुर नगर के चांदपुर मार्ग स्थित नवज्योति नर्सिंग होम में शुक्रवार को प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत हो गई। इससे गुस्साए परिजनों ने अस्पताल पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया।
जानकारी के मुताबिक, जनपद अमरोहा के थाना नौगावां सादात क्षेत्र के बसेड़ा तगा गांव निवासी अरविंद ने शुक्रवार को अपनी पत्नी काजल (29) को प्रसव पीड़ा होने पर नवज्योति नर्सिंग होम में भर्ती कराया था। परिजनों के अनुसार, चिकित्सकों ने नार्मल डिलीवरी का भरोसा दिलाते हुए खून की व्यवस्था करने के लिए पति को भेज दिया।
यह भी पढ़ें: Muzaffarnagar: शॉर्ट सर्किट से भड़की आग ने मचाई तबाही, माया फर्टीलाइजर फैक्टरी में लाखों का नुकसान
अस्पताल में ही काजल ने एक मृत बच्चे को जन्म दिया। परिजन बच्चे का अंतिम संस्कार करने गए थे, तभी देर शाम काजल की भी मौत हो गई। जब यह सूचना परिजनों को मिली तो उन्होंने अस्पताल में तोड़फोड़ और हंगामा कर दिया।
मृतका अपने पीछे एक दो वर्षीय बेटा छोड़ गई है। घटना के बाद अस्पताल संचालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पहुंचकर माहौल शांत कराया और दोनों पक्षों में समझौते को लेकर बातचीत चल रही है।