फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Meerut: कॉलेज आते-जाते समय छेड़छाड़, छात्राओं ने छोड़ी पढ़ाई, पुलिस पिकेट नहीं की तैनात, तो थाने पहुंचे डीआईजी

Sat, 25 Oct 2025 04:59 PM IST
मोहम्मद मुस्तकीम अमर उजाला नेटवर्क, मेरठ

सार

परतापुर स्थित एक इंटर कॉलेज की छात्राओं के साथ काफी समय से मनचले रास्ते में छेड़छाड़ करते आ रहे हैं। राज्यपाल जनरल वीके सिंह के सामने भी इसकी शिकायत की गई। इसके बाद भी पुलिस पिकेट तैनात नहीं की गई। 
विज्ञापन
थाने पहुंचे डीआईजी। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

परतापुर थाना क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज में छात्राओं के साथ छेड़छाड़ प्रकरण में डीआईजी कलानिधि नैथानी के निर्देश पर शनिवार सुबह एसपी सिटी और सीओ ब्रह्मपुरी कॉलेज पहुंचे और छात्राओं से बातचीत की। इसके बाद डीआईजी परतापुर थाने पहुंचे और उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष गजेंद्र वर्मा और प्रधानाचार्य रेखा गुप्ता से मुलाकात कर कॉलेज के बाहर एंटी रोमियो स्क्वाड व पुलिस तैनात करने और छात्राओं के आने जाने वाले रूट पर पुलिस गश्त बढ़ाने का आश्वासन दिया।
विज्ञापन

 

कॉलेज में भूड़बराल, छज्जुपुर, उपलेडा, मोहिउद्दीनपुर, डूंगरावली, सोरका डिमोली, अंजोली, और कलंजरी सहित कई गांवों की छात्राएं पढ़ने आती हैं। रास्ता सुनसान होने के कारण आएदिन मनचले छात्राओं को परेशान करते हैं, जिससे तंग आकर कई छात्राओं ने कॉलेज आना बंद दिया है। 
 

कालेज प्रधानाचार्य रेखा गुप्ता के अनुसार, छात्राएं रास्ते में होने वाली छेड़छाड़ की शिकायत कॉलेज में आकर शिक्षकों से करती हैं। पुलिस को एप्लीकेशन देकर कॉलेज की छुट्टी के समय पुलिस तैनात करने की मांग की थी। बृहस्पतिवार को मिजोरम के राज्यपाल जनरल वीके सिंह के भूड़बराल में आगमन के दौरान उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष गजेंद्र वर्मा ने एसपी सिटी को मामले से अवगत कराते हुए कॉलेज के बाहर पुलिस तैनात करने की मांग की थी। 
 

इसके बाद एसपी सिटी ने सीओ ब्रह्मपुरी को कॉलेज के बाहर पुलिस तैनात करने और गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद शुक्रवार को कॉलेज के बाहर पुलिस तैनात नहीं हुई। शनिवार को समाचार पत्रों में मामला प्रकाशित हुआ तो पुलिस महकमे में खलबली मच गई। डीआईजी के निर्देश पर सुबह ही एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह और सीओ ब्रह्मपुरी कॉलेज पहुंचे। एसपी सिटी ने शिक्षकों और छात्राओं से बातचीत की। 
 

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी परतापुर थाने पहुंचे और उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष और कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य गजेंद्र वर्मा और प्रधानाचार्य रेखा गुप्ता से मुलाकात की। 
 
विज्ञापन

डीआईजी ने आश्वासन दिया कि एंटी रोमियो स्क्वाड और थाना पुलिस कॉलेज के आसपास व छात्राओं के आने जाने वाले रूट पर तैनात रहेगी। जो भी छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करता पाया गया, उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें